
नई दिल्ली, 06 नवम्बर: आज गुरुवार को चीन के झिंजियांग प्रांत में भूकंप के तेज झटकों से धरती डोल गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.7 आंकी गई। भूकंप का केंद्र झिंजियांग में 220 किलोमीटर की गहराई पर था, और यह आज सुबह 6 बजकर 32 मिनट पर आया। झटकों के कारण लोग डरकर अपने घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल, जानमाल के नुकसान की कोई तत्काल जानकारी सामने नहीं आई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, चीन अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण भूकंपीय गतिविधियों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील है। यह देश दो सबसे बड़ी भूकंपीय पट्टियों—प्रशांत महासागरीय भूकंपीय पट्टी और हिंद महासागरीय भूकंपीय पट्टी—के बीच स्थित है। इन प्लेटों के आपसी दबाव के कारण यहाँ भूकंप आने का खतरा हमेशा ज्यादा रहता है। हालाँकि, कम गहराई वाले भूकंप आमतौर पर ज्यादा विनाशकारी होते हैं।
आंकड़ों के अनुसार, 1900 से अब तक चीन में भूकंपों में 5,50,000 से अधिक लोग मारे गए हैं, जो कुल वैश्विक भूकंप हताहतों का 53 प्रतिशत है। विशेषज्ञों का मानना है कि भूकंप और अन्य प्राकृतिक आपदाएं चीन के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। 1949 से अब तक, चीनी नगर पालिकाओं और स्वायत्त क्षेत्रों में 100 से अधिक विनाशकारी भूकंप आ चुके हैं।
