भोपाल। मध्यप्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। सतना जिले में पिछले 16 घंटे से बारिश का सिलसिला जारी है, जिसके चलते नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पिंडरा नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे घरों में पानी भर गया है। वहीं मऊ नदी के उफान पर आने के बाद बिरसिंहपुर-सेमरिया मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कराया गया है।
चित्रकूट में भी मंदाकिनी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे कई स्थानों पर संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। वहीं रीवा शहर के शारदापुरम इलाके में फंसे दो बुजुर्गों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। लगातार बारिश के बीच प्रशासनिक अमला प्रभावित इलाकों में नजर बनाए हुए है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
