मोबाइल कोर्ट में नहीं चला रसूख, नियम तोड़ा तो बना चालान

नीमच। शहर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर बुधवार को लायंस पार्क चौराहे पर लगाए गए मोबाइल कोर्ट में कार्रवाई का अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां न पहचान काम आई, न पद और न ही रसूख। नियम तोडऩे वाले हर वाहन चालक के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की गई।

सीजेएम नीमच एवं अन्य न्यायाधीशों की मौजूदगी में यातायात पुलिस ने वाहनों की जांच की। यातायात प्रभारी मलखान सिंह के नेतृत्व में अमले ने नियम विरुद्ध चल रहे वाहनों को रोककर दस्तावेज, हेलमेट, सीट बेल्ट, हूटर और काली फिल्म आदि की जांच की। नियमों का उल्लंघन मिलने पर मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।

हूटर हटाए, काली फिल्म उतरवाई

कार्रवाई के दौरान जिन वाहनों में हूटर लगे मिले, उन्हें हटवाया गया। काली फिल्म लगी कारों से फिल्म उतरवाई गई। बिना लाइसेंस अथवा जरूरी दस्तावेज के वाहन मिलने पर उन्हें रोककर कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले दोपहिया वाहन चालक भी कार्रवाई की जद में आए।

भाजपा जिलाध्यक्ष की गाड़ी भी रोकी

मोबाइल कोर्ट की निष्पक्षता उस समय और स्पष्ट हुई, जब पुलिस विभाग, नारकोटिक्स विभाग से जुड़े वाहनों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल की गाड़ी भी जांच के लिए रोकी गई। गाड़ी से हूटर हटवाया गया और पार्टी का झंडा उतारा गया। सीट बेल्ट नहीं लगाने पर चालान भी बनाया गया। सभी वाहनों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही छोड़ा गया।

कार्रवाई का असर यह रहा कि मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालक भी बिना किसी सिफारिश या बहस के चालान कटवाने के लिए कतार में खड़े नजर आए। शहर में चर्चा रही कि जब प्रभावशाली लोगों के वाहनों पर भी कार्रवाई हो रही है तो आम वाहन चालक के लिए नियम तोडऩे की गुंजाइश और कम हो जाती है।

मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई ने दिया बड़ा संदेश

बुधवार की कार्रवाई ने यातायात व्यवस्था को लेकर एक स्पष्ट संदेश दिया कि सडक़ पर वाहन चलाते समय पहचान या रसूख नहीं, बल्कि नियम मायने रखते हैं। शहरवासियों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई यदि लगातार होती रहे तो यातायात नियमों के प्रति लोगों में गंभीरता बढ़ेगी और व्यवस्था में भी सुधार आएगा।

जरूरत इस बात की है कि मोबाइल कोर्ट की यह जीरो टॉलरेंस कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से जारी रहे। सडक़ पर पहचान नहीं, नियम चलना चाहिए।

Next Post

पूर्व कांग्रेस विधायक के कार्यालयों पर ईडी की रेड

Wed Sep 2 , 2026
नरसिंहपुर। जिले में बुधवार सुबह से देर शाम तक ईडी टीम की पूर्व कांग्रेस विधायक संजय शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी जारी रही। इस दौरान कारोबारी रिकॉर्ड समेत अन्य दस्तावेजों को भी खंगाला गया है। नरसिंहपुर एसपी ऋषिकेश मीना ने बताया कि पूर्व विधायक संजय शर्मा के राजमार्ग चौराहा स्थित […]

You May Like