
नरसिंहपुर। जिले में बुधवार सुबह से देर शाम तक ईडी टीम की पूर्व कांग्रेस विधायक संजय शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी जारी रही। इस दौरान कारोबारी रिकॉर्ड समेत अन्य दस्तावेजों को भी खंगाला गया है। नरसिंहपुर एसपी ऋषिकेश मीना ने बताया कि पूर्व विधायक संजय शर्मा के राजमार्ग चौराहा स्थित होटल, होटल के अलावा तेंदूखेड़ा स्थित कार्यालय में ईडी ने कार्रवाई की है।
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली से प्रवर्तन निदेशालय ने भोपाल ईडी के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। बुधवार सुबह-सुबह आधा दर्जन वाहनों से ईडी की टीमें पहुंची थी। इसके साथ ही उनके करीबी सहयोगियों के परिसरों में दस्तावेजों की सघन जांच की है।
फर्जी टोल वसूली घोटाले से जुड़ रहे तार
सूत्रों के अनुसार, टोल प्लाजा पर एक अनधिकृत सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन का उपयोग किया जा रहा था, जिसके माध्यम से समानांतर फर्जी टोल रसीदें काटी जाती थीं। वसूले गए पैसों को आधिकारिक अकाउंटिंग सिस्टम में दर्ज करने के बजाय बाहर निजी खातों और अन्य माध्यमों में डायवर्ट किया जा रहा था। फॉरेंसिक जांच और डिजिटल रिकार्ड्स के सत्यापन के बाद ईडी ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी के साथ राजमार्ग स्थित मुख्य कारोबारी कार्यालय, तेंदूखेड़ा स्थित दफ्तर और देवरी स्थित कार्यालय में ईडी ने दस्तावेजों को खंगाला है। इसके अलावा तेंदूखेड़ा वार्ड क्रमांक-9 स्थित कारोबारी सहयोगी के आवास में भी पड़ताल की है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के टोल प्लाजा पर अनधिकृत सॉफ्टवेयर के जरिए फर्जी रसीदें बनाकर टोल राशि डायवर्ट करने और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है।
14 ठिकानों में तलाशी अभियान
नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा नेशनल हाईवे की टोल वसूली से जुड़े इस फर्जीवाड़े के सिलसिले में ईडी ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, दिल्ली और कोलकाता समेत देश के 7 राज्यों के 14 ठिकानों में तलाशी अभियान चलाया है। फिलहाल ईडी की टीमें वित्तीय लेनदेन, डिजिटल डेटा, सर्वर और अकाउंट बुक्स खंगाल रही हैं। प्रारंभिक तौर पर यह कार्रवाई संजय शर्मा के कारोबार से जुड़े किसी मामले की जांच के तहत होने की बात कही जा रही है। हालांकि, प्रवर्तन निदेशालय की ओर से अभी तक कार्रवाई के कारण, जांच के दायरे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
