मंडफिया जा रही कार को ट्राले ने मारी टक्कर:नीमच में एक की मौत, 4 लोग घायल; बदनावर से आए थे

नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के सगरग्राम के पास मंगलवार शाम करीब 8 बजे एक सडक़ हादसा हुआ। मंडफिया स्थित धार्मिक स्थल पर दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की फिगो कार को एक तेज रफ्तार ट्राले ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्राला भी मौके पर पलट गया। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, धार जिले की बदनावर तहसील के कानवन गांव के 5 लोग मंगलवार सुबह अपनी कार से सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए निकले थे। सगरग्राम के पास सामने से आ रहे ट्राले ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस पायलट केशव बलवारा, संदीप मोदी, नरेंद्र खींची और सुनील खींची मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने हिमांशु पंवार को मृत घोषित कर दिया। हादसे में जय सिंह पंवार, मोहित पंवार, अंकित लोहार (गणपत लोहार के बेटे) और आशीष पंवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये सभी कानवन के रहने वाले हैं और उनका इलाज चल रहा है।

मंडफिया के धार्मिक स्थल के लिए निकले

घायल अंकित लोहार ने बताया कि वे सभी सुबह ही कानवन से मंडफिया के धार्मिक स्थल के लिए निकले थे। हादसे के समय वह कार की पिछली सीट पर सो रहा था। अचानक हुए जोरदार धमाके और तेज आवाज से उसकी आंख खुली। तब तक वे हादसे का शिकार हो चुके थे।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। घायलों और मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। जीरन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Post

ओंकारेश्वर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 3 हजार लीटर महुआ का मिश्रण नष्ट

Wed Sep 2 , 2026
ओंकारेश्वर। अवैध शराब के खिलाफ मांधाता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने डुकिया जिल्हार, ओंकारेश्वर बांध के बैकवॉटर क्षेत्र में नाव से पहुंचकर तीन अवैध शराब बनाने के अड्डों पर दबिश दी। पुलिस को मौके से करीब 70 से 80 ड्रमों में 3 […]

You May Like