
ग्वालियर। आज दोपहर जिले की सिंध नदी उफान पर आने के बाद तीन जिलों का सड़क संपर्क टूट गया है। ग्वालियर, दतिया एवं शिवपुरी को जोड़ने वाले बडगोर पुल के ऊपर से सिंध नदी का पानी बहने के बाद पुल पर आवागमन बंद करा दिया गया है। धूमेश्वर धाम के पास सिंध नदी के बीच बने नौचोकिया के भी डूबने का खतरा पैदा हो गया है। अटल सागर मढीखेड़ा और मोहनी सागर बांध से छोड़े गए पानी से सिंध नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद ग्वालियर जिले का एक बड़ा क्षेत्र जलमग्न हो गया है। हरसी बांध के बेस्ट बीयर पर इस वक्त 3 फीट पानी बह रहा है जो बांध की सुरक्षा के लिहाज से चिंताजनक है। यह आज रविवार, 27 जुलाई दोपहर 3 बजे तक की रिपोर्ट है, हालांकि प्रशासन ने लोगों से नदी एवं बांध से दूर रहने की सलाह देते हुए हालात काबू में बताए हैं।
