शी-ट्रंप शिखर सम्मेलन से पहले चीन का अमेरिका पर पलटवार: कई अमेरिकी कंपनियों पर लगाए प्रतिबंध

बीजिंग, 05 अगस्त (वार्ता) चीनी कंपनियों को निशाना बनाने वाली हालिया अमेरिकी कार्रवाइयों के जवाब में चीन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अमेरिका और कई अमेरिकी कंपनियों के खिलाफ प्रतिबंधों लगाने का ऐलान किया है।

यह जवाबी कार्रवाई ऐसे समय में की गयी है जबकि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच प्रस्तावित शिखर सम्मेलन के आयोजन में कुछ सप्ताह का ही वक्त बचा है। प्रौद्योगिकी और व्यापार को लेकर बढ़ते तनाव के बावजूद, दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं “रचनात्मक रणनीतिक स्थिरता” बनाए रखने का प्रयास कर रही हैं।

चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने बायोटेक्नोलॉजी और रिसोर्स एनालिटिक्स से जुड़ी कंपनियों सहित कई अमेरिकी संस्थाओं पर प्रतिबंधों की घोषणा की, साथ ही अमेरिका को निर्यात होने वाले ड्रोन और संबंधित प्रौद्योगिकियों पर निर्यात नियंत्रण कड़े कर दिये हैं।

मंत्रालय के अनुसार, उइगर और अन्य अल्पसंख्यक समूहों के खिलाफ मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन का हवाला देकर 43 चीनी कंपनियों से आयात पर रोक लगाने के अमेरिकी फैसले के जवाब में छह से अधिक अमेरिकी फर्मों को जवाबी सूची में डाला गया है। वहीं, अमेरिकी संघीय संचार आयोग ने मुख्य रूप से चीन में निर्मित नए ह्यूमनॉइड व क्वाड्रप्ड रोबोट और पावर कन्वर्टर्स के आयात को प्रतिबंधित करने के फैसले के बाद एक और फर्म पर प्रतिबंध लगाया है।

इन प्रतिबंधों के तहत चीनी संगठनों और व्यक्तियों को सूचीबद्ध कंपनियों के साथ किसी भी प्रकार का व्यापार या सहयोग करने से रोक दिया गया है। इसके अलावा चीन ने विदेशी सिस्टम सॉफ्टवेयर वाले आयातित कार्यालय उपकरणों की राष्ट्रीय सुरक्षा जांच शुरू कर दी है और वाशिंगटन के साथ फैक्ट्री निरीक्षण व ट्रैकिंग से जुड़े सहयोग को रोक दिया है।

वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी पाबंदियों के जवाब में चीन के पास “आवश्यक जवाबी कदम उठाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था”। उन्होंने अमेरिका से अपनी गलत कार्रवाइयों को तुरंत वापस लेने की अपील की और चेतावनी दी कि अगर नये प्रतिबंध लगाये गये तो चीन और कड़े कदम उठायेगा।

व्यापारिक और तकनीकी मोर्चे पर बढ़ते विवाद के बावजूद, दोनों देश अगले महीने प्रस्तावित शी-ट्रंप बैठक की तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस सिलसिले में दोनों देशों के शीर्ष आर्थिक अधिकारियों ने हाल ही में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए व्यापार वार्ता भी की थी।

 

 

Next Post

राष्ट्रीय मंच पर पुनः चमका महेश मेमोरियल, बाघ का नाम

Wed Aug 5 , 2026
बाघ। किसी भी विद्यालय की सबसे बड़ी उपलब्धि केवल पुरस्कार प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने कार्यों से समाज का विश्वास जीतना होती है। इसी विश्वास और निरंतर उत्कृष्ट प्रयासों का परिणाम है कि महेश मेमोरियल पब्लिक स्कूल (MMPS), बाघ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित […]

You May Like