नई दिल्ली | आईपीएल 2026 में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सनसनी मचाने वाले 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब भारतीय टीम में चयन की चर्चाओं के केंद्र में हैं। वैभव ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 237.31 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल की। अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ उनके बेखौफ खेल ने न केवल प्रशंसकों बल्कि क्रिकेट विशेषज्ञों और बीसीसीआई अधिकारियों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने वैभव की प्रतिभा की जमकर सराहना की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन समिति खिलाड़ी के भविष्य और हितों को प्राथमिकता देते हुए उचित फैसला लेगी। सैकिया ने माना कि वैभव ने अपनी क्षमता से सभी को प्रभावित किया है और वह भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा नाम बन सकते हैं। इस बयान के बाद यह संकेत मिल रहे हैं कि युवा प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए बोर्ड पूरी तरह गंभीर है।
जून के अंत में होने वाले आयरलैंड दौरे और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी सीरीजों के लिए टीम इंडिया की घोषणा जल्द ही होने वाली है। क्रिकेट जगत में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या चयनकर्ता वैभव सूर्यवंशी को इतनी कम उम्र में टीम इंडिया में शामिल करने का साहसी निर्णय लेंगे। हालांकि, उनके शानदार फॉर्म और आत्मविश्वास ने उन्हें चयन की दौड़ में सबसे आगे खड़ा कर दिया है।

