ग्वालियर में नहीं उठा कचरा, वेतन-एरियर के लिए आउटसोर्स कर्मियों की हड़ताल

ग्वालियर: दीपावली पर घरों, संस्थानों की साफ-सफाई ने कचरे का संकट और गहरा कर दिया है। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में आउटसोर्स कर्मचारियों ने वेतन व एरियर नहीं मिलने पर ग्वालियर डिपो से वाहन नहीं निकाले, जिससे ग्वालियर विस क्षेत्र में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहे। साथ ही कर्मचारियों ने आगे भी पूर्व व दक्षिण डिपो से भी वाहन नहीं निकालने की चेतावनी दी है। वहीं त्योहार पर साफ सफाई को देखते हुए अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने सभी कर्मचारियों की बैठक बुलाई। हालांकि यह कर्मचारी हर साल दीपावली के समय निगम पर दबाव बनाने के लिए हड़ताल करते हैं।

नगर निगम में पदस्थ आउटसोर्स कर्मचारियों हेल्पर व वाहन चालकों ने सैलरी और एरियर नहीं मिलने पर ग्वालियर डिपो पर कामकाज ठप कर दिया, जिससे ग्वालियर डिपो से कम ही संख्या में वाहन निकले। हड़ताल की सूचना मिलते ही उपायुक्त, कार्यशाला व डिपो प्रभारी डिपो पर पहुंचे और दोपहर तक वेतन खाते में डाले जाने की बात कही, लेकिन कर्मचारी नहीं माने और उन्होंने वाहन नहीं निकाले। दोपहर को कर्मचारियों के खाते में सैलरी भी डाली गई, लेकिन कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनका एरियर यानी तीन किश्तें एक साथ नहीं दी जाती तब तक वह कार्य नहीं करेंगे। जिस पर अफसरों ने कहा कि पांच किश्तों में एरियर देना है, दो किश्त अभी जारी भी हो चुकी है। लेकिन कर्मचारी तैयार नहीं हुए और फिर से हड़ताल पर जाने की बात कही है।

Next Post

धनतेरस के साथ दीप पर्व शुरू, बाजारों में भीड़ बढ़ना शुरू, होगा करोड़ों रूपयों का व्यापार

Sat Oct 18 , 2025
ग्वालियर: आज धनतेरस से 5 दिवसीय दीपावली का त्यौहार शुरू हो गया है। शहर के प्रमुख सराफा बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ना शुरू हो गई है। ऑटोंमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं ज्वेलरी सेक्टर में करोड़ों रूपयों का व्यापार होने की अनुमान है। त्यौहार पर सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर डेढ़ हजार […]

You May Like