नयी दिल्ली, 20 सितंबर (वार्ता) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार इलाके में रविवार तड़के एक डंपर ट्रक ने खड़ी क्रेन और ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3:20 बजे हुआ। हरियाणा का डंपर नोएडा से आ रहा था और उसने सड़क पर खड़ी क्रेन तथा ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि क्रेन और ऑटो का इस्तेमाल ट्रैफिक पुलिस के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने वाले कर्मचारी कर रहे थे। इसी दौरान डंपर ने दोनों वाहनों को टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान संगम विहार निवासी उमेश (23) और प्रवीण (35) तथा एचआर प्रबंधक सूरज (34) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सूरज के बारे में अन्य जानकारी उनके नियोक्ता से जुटाई जा रही है।
हादसे में संगम विहार निवासी आकाश (20), अनूप (26) और रोहिणी निवासी खेम सिंह (40) घायल हुए हैं। एक अन्य कर्मचारी सुधीर, निवासी संगम विहार, हादसे में बाल-बाल बच गया।
पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया और उसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ चालक की तलाश की जा रही है।

