यार्ड में खड़े भारी वाहनों पर चोरों का धावा

शुजालपुर, शहर और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामले में अज्ञात बदमाशों ने आष्टा-शुजालपुर रोड स्थित एक वाहन यार्ड में घुसकर खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाया और छह बैटरियां सहित करीब 95 लीटर डीजल चोरी कर फरार हो गए. सुबह घटना की जानकारी मिलने पर वाहन मालिक और कर्मचारियों में हडक़ंप मच गया. मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है.

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पाण्डुरंग कॉलोनी निवासी दशरथ सिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे कंस्ट्रक्शन का कार्य करते हैं तथा न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर शोरूम के सामने उनका वाहन यार्ड स्थित है. यार्ड में निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले भारी वाहन खुले स्थान पर खड़े किए जाते हैं. फ रियादी के अनुसार 23 जून की रात करीब तीन बजे उनके चालक संजय मालवीय और इरफान ने दो डंपर यार्ड में खड़े किए थे. इसके अलावा एक ट्रैक्टर-लोडर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पहले से यार्ड में खड़ी थी. वाहन खड़े करने के बाद दोनों चालक यार्ड के सामने स्थित कार्यालय में सो गए, जबकि दशरथ सिंह अपने घर चले गए. सुबह करीब सात बजे चालक संजय मालवीय ने फ ोन कर सूचना दी कि यार्ड में खड़े वाहनों की बैटरियां चोरी हो गई हैं. जांच में पता चला कि दोनों डंपरों से चार बैटरियां, ट्रैक्टर-लोडर से एक बैटरी तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक बैटरी गायब है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. भारी और बड़े वाहनों से बैटरियां निकालने तथा डीजल चोरी करने में समय लगता है. इसके बावजूद बदमाश बिना किसी बाधा के वारदात को अंजाम देकर निकल गए. इससे क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह की आशंका भी जताई जा रही है. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा.

 

टैंक का ढक्कन खोल कर निकाला ईंधन…

 

चोरों ने केवल बैटरियां ही नहीं चुराईं, बल्कि यार्ड में खड़े 12 चक्का डंपर के डीजल टैंक को भी निशाना बनाया. टैंक का ढक्कन खुला मिला. जांच करने पर उसमें से करीब 95 लीटर डीजल कम पाया गया. आशंका जताई जा रही है कि बदमाश रात के अंधेरे में आराम से वारदात को अंजाम देकर फ रार हो गए. फ रियादी ने पुलिस को बताया कि चोरी गई छह बैटरियों की कीमत करीब 40 हजार रुपए है, जबकि चोरी हुए डीजल की कीमत लगभग 9,500 रुपए है. इस तरह बदमाश करीब 50 हजार रुपए का माल समेट ले गए.

Next Post

बैरिकेड हारे,भीड़ जीती... अंचल का गुस्सा कलेक्ट्रेट तक पहुंचा

Wed Jun 24 , 2026
रतलाम। बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार के नेतृत्व में सैलाना क्षेत्र से निकले किसान, युवा और ग्रामीण प्रशासन की तमाम रोक-टोक को पार करते हुए कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार तक पहुंच गए। करीब 20 किलोमीटर […]

You May Like