
मुंबई, कई पीढ़ियों से भारतीय परिवार सोना और रियल एस्टेट जैसी फिजिकल असेट्स, बैंक एफडी और पारंपरिक बीमा उत्पादों जैसे वित्तीय साधनों के जरिए दौलत बनाने में विश्वास करते रहे हैं। अब तक जोर ‘निवेश’ के बजाय ‘बचत’ पर अधिक रहा है। हालांकि, बदलती उम्मीदें और तकनीक के जरिए निवेश तक आसान पहुंच से तस्वीर बदल रही है। अब पहले से कहीं ज्यादा लोग अपनी बचत को पूंजी बाजार में निवेश कर रहे हैं। परिवार कंपनियों की शेयर बाजार से पूंजी जुटाने की योजनाओं के माध्यम से संपत्ति का सृजन कर रहे हैं।
वित्तीयकरण: धीरे-धीरे बदलाव की अगुवाई
वित्तीयकरण का मतलब घरेलू बचत का भौतिक संपत्तियों से वित्तीय संपत्तियों की ओर धीरे-धीरे स्थानांतरित होना है। डिजिटल प्लेटफॉर्म और म्यूचुअल फंड जैसे आसानी से समझ आने वाले निवेश विकल्प आम लोगों के लिए निवेश को आसान बना रहे हैं। इसके साथ ही आसान ऑनबोर्डिंग, पेपरलेस डॉक्यूमेंटेशन, सेवाओं की तत्काल उपलब्धता और युवा पीढ़ी की बढ़ती खर्च योग्य आय जैसे कई कारक इस बदलाव को गति दे रहे हैं।
इस बदलाव का पैमाना नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (एनएसडीएल) की वित्त वर्ष 2026 की रिपोर्ट से स्पष्ट होता है। रिपोर्ट के अनुसार, एनएसडीएल के पास कस्टडी में रखी संपत्तियां 520 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गई हैं, जबकि देश के 99% अधिक पिन कोड में 4.5 करोड़ से ज्यादा ग्राहक खातों को सेवाएं दी जा रही हैं। साफ है कि महानगरों के अलावा टियर-2 और टियर-3 शहर भी इस गतिविधि में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी निभा रहे हैं। उभरते शहरी केंद्रों के निवेशक अब लंबी अवधि में संपत्ति बनाने की सोच के साथ पूंजी बाजार में प्रवेश कर रहे हैं।
एसआईपी: संपत्ति निर्माण की निरंतर प्रक्रिया
सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी एसआईपी भारत की वित्तीय यात्रा में बदलाव की सबसे मजबूत नींव में से एक बना हुआ है। भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव और समय-समय पर बाजार में आई गिरावट के बावजूद भारतीय निवेशक बड़े पैमाने पर व्यवस्थित तरीके से निवेश करने के प्रति प्रतिबद्ध रहे हैं। जुलाई 2026 में इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश घटकर 24,697 करोड़ रुपए रहा, जो जून में 28,973 करोड़ रुपये था। वहीं, एसआईपी के जरिए निवेश मामूली बढ़कर 31,961 करोड़ रुपए हो गया। यह लंबी अवधि में अनुशासित निवेश के जरिए संपत्ति बनाने में खुदरा निवेशकों के लगातार भरोसे को दर्शाता है।
बाजार में अनिश्चितता के दौर में भी निवेशक अब उतार-चढ़ाव को बाजार की सामान्य विशेषता के तौर पर देख रहे हैं, न कि निवेश से बाहर निकलने के संकेत के रूप में। यह निवेश संस्कृति में परिपक्वता को दर्शाता है, जहां अल्पावधि में बाजार की चाल के बजाय निरंतरता और लंबी अवधि तक निवेश को प्राथमिकता दी जा रही है।
यह अधिक सतर्क निवेश संस्कृति को दर्शाता है, जो बाजार में उतार-चढ़ाव से घबराती नहीं है, बल्कि इसे संपत्ति बनाने की यात्रा का हिस्सा मानती है।
खुदरा निवेशकों के बढ़ते प्रभाव का असर
घरेलू रिटेल निवेशकों की बढ़ती भागीदारी ने मजबूत बाजार ढांचा तैयार करने में मदद की है। परंपरागत रूप से ऐसे कई मौके रहे हैं जब भारतीय इक्विटी बाजार विदेशी निवेश के प्रवाह से संचालित हुए। इसके कारण बाजार में अस्थिर उतार-चढ़ाव देखने को मिला। आज भी विदेशी निवेशकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। लेकिन घरेलू पूंजी में बढ़ोतरी से अस्थिरता के कारण होने वाले प्रतिकूल प्रभाव को कम करने में मदद मिल रही है।
एसआईपी की लगातार सफलता यह संकेत देती है कि लोग सट्टेबाजी के बजाय अनुशासित निवेश के जरिए संपत्ति बनाने पर ध्यान दे रहे हैं। शेयर में घरेलू बचत का लगातार प्रवाह बाजार की धारणा के प्रति प्रतिक्रिया को संतुलित करने में मदद करता है। लंबी अवधि में संपत्ति निर्माण का ढांचा तैयार करता है।
रिटेल निवेशकों की बढ़ती भागीदारी पूंजी निर्माण में मदद कर रही है। इसमें परिवारों की बचत वित्तीय संपत्तियों में पहुंच रही है। इससे कंपनियों को बड़े निवेशकों पर निर्भर हुए बिना विकास के लिए अधिक पूंजी हासिल करने में मदद मिल रही है। निवेश को लेकर चर्चा का फोकस अब शेयर चुनने और बाजार की टाइमिंग से हटकर एसेट एलोकेशन और दौलत बनाने की ओर बढ़ रहा है।
कई मायनों में भारतीय शेयर बाजार का भविष्य अब सिर्फ बोर्डरूम और डीलिंग रूम में ही तय नहीं होगा, बल्कि देशभर के घरों में भी इसकी दिशा तय होगी। जैसे-जैसे अधिक भारतीय ‘सेवर्स’ से ‘इन्वेस्टर्स’ बन रहे हैं, वे न केवल अपने वित्तीय भविष्य को नया आकार देंगे, बल्कि भारत के पूंजी बाजारों की कहानी भी लिखेंगे।
