छतरपुर। नगर में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक गरीब महिला को भीड़ की हिंसा का शिकार बना दिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पन्ना रोड पर कुछ लोगों ने महिला को बच्चा चोरी के शक में पकड़ लिया और थप्पड़ों से उसकी पिटाई कर दी। महिला लगातार अपनी सफाई देती रही, लेकिन भीड़ ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट जारी रखी।
घटना का वीडियो सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में बच्चा चोरी की अफवाहें फैली हुई हैं, जिससे लोगों में डर और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
