
सारनी। क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर जागरूकता अभियान के तहत लगभग 12 हजार नाम से ज्यादा कटौती के बाद फिर से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।सारनी नगर पालिका परिषद क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएआर) अभियान के तहत मतदाताओं की स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। क्षेत्र में कुल लगभग 40 से 45 हजार मतदाता शेष बताए जा रहे हैं, वहीं एसएआर प्रक्रिया के माध्यम से करीब 12 हजार मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए हैं। यह कटौती मुख्यतः उन मतदाताओं की हुई है, जो सत्यापन के दौरान अपने पते पर अनुपस्थित पाए गए या जिनकी केवाईसी पूर्ण नहीं हो सकी।
नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा प्राप्त सूचना के अनुसार, जिन मतदाताओं के नाम “ब्लू” श्रेणी में दर्ज होकर कटे हैं, उन्हें दोबारा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। ऐसे मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से वीकेवाईसी (वोटर केवाईसी) प्रक्रिया पूर्ण कर पुनः अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
इस उद्देश्य से नगर पालिका सारनी में कटे हुए मतदाताओं की सूची चस्पा की गई है, ताकि संबंधित नागरिक समय रहते जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई कर सकें। प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि लोकतांत्रिक अधिकार के संरक्षण हेतु वे सूची की जांच अवश्य करें और यदि नाम कट गया हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुनः नाम जुड़वाएं। यह पहल मतदाता सहभागिता और पारदर्शी चुनाव प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
