
जबलपुर। शनिवार को पारा सात डिग्री तक लुढक़ गया। शीतलहर से शहर कांप उठा। सुबह कोहरे की चादर रही। धुंध छटने के साथ सूर्यदेव ने दर्शन दिए। दिनभर ठंडी हवाएं चल रही थी। हालांकि सूरज की चमक ठंड से राहत देती रही। शाम ढलते ही ठंडी हवाएं चली। जिससे बचने लोग गरम कपड़े लादकर बाहर निकले। अलाव भी जलते देखे गए। मौसम विभाग ने शीतलहर का येलो अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग की माने तो शनिवार को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंंच गया। न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 76 और शाम को 57 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्वी हवाएं 2 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी विक्षोभ, मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊँचाई पर उत्तर में अवस्थित है। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊँचाई पर, लगभग 222 किमी/घंटे की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 30 दिसंबर 2025 से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।
