डबल इंजन से मप्र के विकास को मिली गति: सांसदों के साथ सहभोज-संवाद में खण्डेलवाल

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके के आवास पर मध्यप्रदेश के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ सहभोज एवं संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान प्रदेश के विकास, संगठनात्मक मजबूती और केंद्र-राज्य समन्वय जैसे विषयों पर विस्तार से वन-टू-वन चर्चा की गई।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और डबल इंजन की मोदी-मोहन सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सांसदों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार मध्यप्रदेश के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर तेजी से आगे बढ़ रही है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को और गति मिलेगी। किसानों, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और कृषि क्षेत्र में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। सांसद न केवल विकास परियोजनाओं को गति दे रहे हैं, बल्कि संगठन को भी मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

खण्डेलवाल ने केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों से मध्यप्रदेश से जुड़े विषयों के समाधान तथा संसाधनों की उपलब्धता में सक्रिय सहयोग का आग्रह किया, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता और तेजी से पहुंच सके। कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश के लोकसभा-राज्यसभा सांसद उपस्थित रहे।

Next Post

कानूनी अधिकार के तहत आपराधिक शिकायत करना मानहानि नहीं

Thu Feb 5 , 2026
जबलपुर। हाईकोर्ट ने अपने अहम आदेश में कहा है कि कानूनी अधिकार के तहत सक्षम प्राधिकरण के समक्ष आपराधिक शिकायत करना अवमानना की श्रेणी में नहीं आता है। हाईकोर्ट जस्टिस बी पी शर्मा ने अपने आदेश में कहा है कि यह धारा 498 अपवाद 8 के सुरक्षा कवच के अंदर […]

You May Like