लाखों की पेयजल टंकी शोपीस बनी नेवारा में संचालन न होने से ग्रामीण प्यासे, आक्रोश

किरनापुर, जनपद पंचायत किरनापुर के ग्राम पंचायत नेवारा में लाखों रुपये की लागत से निर्मित पेयजल टंकी वर्षों से बदहाल स्थिति में है। इसका संचालन न होने के कारण ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे उनमें गहरा आक्रोश व्याप्त है।

यह जल टंकी पेयजल आपूर्ति के उद्देश्य से बनाई गई थी, लेकिन आज तक इससे घर-घर पानी नहीं पहुंच पाया है। टंकी के चारों ओर झाड़-झंखाड़ उग आए हैं, परिसर में गंदगी फैली है और इसकी संरचना जर्जर नजर आ रही है।

ग्रामीण सत्यवान बिसेन व सुनिल पांचे का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की है, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिले। मजबूरी में ग्रामीण आज भी हैंडपंप, निजी बोरिंग और दूर-दराज के जल स्रोतों पर निर्भर हैं। गर्मी के मौसम में जल संकट और भी गंभीर हो जाता है, जिससे महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी उठानी पड़ती है।

स्थानीय लोगों में यह चर्चा आम है कि यह परियोजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के बाद से ही टंकी को चालू करने में लापरवाही बरती गई और इसके रखरखाव के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कागजों में योजना पूरी दिखा दी गई है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि पानी टंकी की तकनीकी जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि अब तक इसका संचालन क्यों नहीं हुआ। उन्होंने दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई करने की भी अपील की है। साथ ही, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे और उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।

इनका कहना है:-

इस संबंध में रविन्द्र कुमार हट्टेवार (सहायक यंत्री) लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बताया कि ग्राम नेवारा की पानी टंकी का पइलेक्टिक कार्य पेंडिंग हैं माह दिसम्बर से पानी सप्लाई कार्य चालू कर दिया जायेगा।मेरा स्थानान्तरण लांजी हो गया है।

Next Post

सेवानिवृत्त कर्मियों का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत : एन फ्रैंकलिन  

Sat Oct 31 , 2026
सिंगरौली । एनसीएल मुख्यालय में सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आज शनिवार को आयोजित किया जा रहा है। समारोह में मुख्यालय से सेवानिवृत्त हो रहे विनीत सिंह महाप्रबंधक विपणन एवं विक्रय, राम औतार कोइर कार्यालय अधीक्षक प्रणाली विभाग तथा दुदिल सहायक पर्यवेक्षक परिवहन, लाइट व्हीकल विभाग […]

You May Like