सिंगरौली : सरई थाना पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम कोनी स्थित चुनाहिया नाला से रेत लदा बिना नंबर का ट्रैक्टर जप्त किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चालक अमन कुमार रावत उम्र 21 वर्ष निवासी इटमा थाना सरई को पकड़ा। जप्त ट्रैक्टर-ट्राली और रेत की कुल कीमत करीब 6 लाख 4 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर को प्रआर लक्ष्मीकांत साहू को शिकायत जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चुनाहिया नाला से एक ट्रैक्टर रेत लोड कर अवैध रूप से परिवहन कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां ग्राम कोनी मार्ग पर लाल रंग का महिन्द्रा 265 डीआई ट्रैक्टर रोककर जांच की गई। ट्रैक्टर-ट्राली में करीब दो घनमीटर रेत लदी मिली। चालक से रेत के संबंध में दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रैक्टर, ट्राली और रेत को जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया।
मामले में अपराध के तहत धारा 303(2), 317(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी अवैध रेत से संबंधित मामला दर्ज है। उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह मर्सकोले के नेतृत्व में प्रआर लक्ष्मीकांत साहू, आर अनुराग मिश्रा, अंकित शुक्ला, शिवललन बैस, अमर पासी और कपिल बंसल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
