
नयी दिल्ली, 04 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद बांसुरी स्वराज ने श्रीमती कोंडा सुरेखा को तेलंगाना मंत्रिमंडल से बर्खास्त किये जाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा है कि श्री गांधी का ‘पितृसत्ता को खत्म करो’ का नारा महज एक खोखली बात है। सुश्री स्वराज ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी का ‘पितृसत्ता को खत्म करो’ नारा सिर्फ़ खोखली बात है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में, जहाँ कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां पर एक भी महिला को मंत्री पद नहीं दिया गया है।
अब तेलंगाना में गुरुवार को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता को वहाँ की सरकार ने कथित तौर पर अपमानित किया और राज्य मंत्रिमंडल से हटा दिया। श्रीमती सुरेखा ने तेलंगाना की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी पर बहुत गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने कहा, “मैं पूछना चाहती हूँ… उनके लगाए गए अन्याय और ब्लैकमेल के आरोपों पर श्री गांधी अभी भी चुप क्यों हैं? शायद इसलिए क्योंकि उनके लिए ‘पितृसत्ता को खत्म करो’ चुनावी नारे और राजनीतिक बयानबाज़ी से ज़्यादा कुछ नहीं है। असल में श्री गांधी और कांग्रेस की सोच यह है कि अगर महिलाएँ प्रगतिशील हैं, तो उनकी संभावनाओं को खत्म कर दो।”
