शासकीय विद्यालयों की गुणवत्ता में सुधार, शिक्षकों के सम्मान से सशक्त हो रहा शिक्षा तंत्र : सीएम डॉ. यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शिक्षकों के सतत प्रयासों से मध्यप्रदेश के शासकीय विद्यालयों की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। परीक्षा परिणाम बेहतर हुए हैं, नामांकन दर बढ़ी है और ड्रॉप-आउट दर शून्य पर पहुंची है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का मार्गदर्शन करने वाले दीपक हैं, जिनका सम्मान सदैव रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय शिक्षक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सांदीपनि और पीएमश्री विद्यालय शिक्षा के नए मानक स्थापित कर रहे हैं। इसी सत्र से प्रदेश में 200 नए सांदीपनि विद्यालय प्रारंभ किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश अग्रणी राज्यों में है। एआई, कोडिंग और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें शिक्षकों की भूमिका अहम है। सरकार ने शिक्षकों को महंगाई भत्ते सहित विभिन्न लाभ दिए हैं और शेष मांगों पर भी शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती पूजन किया। विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। शिक्षक हितैषी निर्णयों के लिए शिक्षक संघ द्वारा मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया।

सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान

मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त शिक्षकों श्रीमती कोकिला सेन, बद्री प्रसाद तिवारी, बृजमोहन आचार्य, देवकृष्ण व्यास और किशनलाल नाकड़ा को सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद लिया।

प्रदर्शनी एवं प्रकाशनों का विमोचन

मुख्यमंत्री ने शिक्षक संघ की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और संघ के वार्षिक कैलेंडर, ‘हमारा विद्यालय-हमारा तीर्थ’ पुस्तिका, टेबल कैलेंडर व डायरी का विमोचन किया।

शिक्षा मंत्री और शिक्षक संगठनों के विचार

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश में विद्यालयों के निर्माण, सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर सरकार का विशेष ध्यान है। पहली बार 322 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर पात्र शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ दिया गया है।

अखिल भारतीय शिक्षक संघ एवं म.प्र. शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षा क्षेत्र में किए गए नवाचारों और शिक्षक सम्मान से जुड़े निर्णयों की सराहना की।

कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए शिक्षकगण और संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वंदे मातरम् गायन के साथ कार्यक्रम प्रारंभ हुआ और राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ।

 

Next Post

भारत-यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौता

Thu Jan 29 , 2026
अठारह वर्षों की लंबी कूटनीतिक प्रतीक्षा, असंख्य दौर की वार्ताओं और बदलते वैश्विक समीकरणों के बाद मंगलवार को भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते का संपन्न होना केवल एक आर्थिक घटना नहीं है, बल्कि इक्कीसवीं सदी की वैश्विक शक्ति-संतुलन राजनीति में एक निर्णायक मोड़ भी है. प्रधानमंत्री […]

You May Like