इंदौर:हवा बंगला क्षेत्र में पड़ने वाले वार्ड क्रमांक 82 के गुरु शंकर नगर में भी सीवरेज लाइन को लेकर समस्या देखने को मिली है. इस क्षेत्र में अधिकतम लोग मजदूर वर्ग के रहते है. यूं तो गुरु शंकर नगर में कई समस्या देखने को मिली है, उनमें सीवरेज लाइन की समस्या की मुख्य बताई जाती हैं.
सड़क किनारे गंदगी और चेंबर से निकलता हुआ सीवरेज लाइन का गंदा पानी क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर फैली गंदगी साफ दर्शाती है कि नगर निगम कर्मियों द्वारा सफाई को लेकर ज़्यादा लापरवाही की जाती आ रही है. बार-बार चेंबर ओवरफ्लो होना और सीवरेज लाइन का चोक होना आम बात को चली है. क्षेत्र की समस्या का निराकरण करने के लिए न तो पार्षद आते हैं. न ही नगर निगम झोन के कर्मचारी-अधिकारी.
इनका कहना है
चेंबर की सफाई करने से कुछ नहीं होगा. लाइन की नियमित समय पर साफ सफाई करना चाहिए. इससे चेंबर ओवर फ्लो नहीं होगा और लोगों को इस समस्या से निजात मिल सकेगी.
– दिनेश गोयल
पिछले तीन महीने से सीवरेज की समस्या बनी हुई हैं. कितनी ही बार शिकायत की लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया. कोई आकर झाकता नहीं, अब मैं भोपाल शिकायत करूंगा.
– कमल भावे
क्षेत्र काफी बड़ा और घना भी है. साफ-सफाई का ध्यान रखना चाहिए जो चेंबर ओवरफ्लो हो रहे हैं जिससे सड़क पर गंदगी तो होती है. साथ ही क्षेत्र में दुर्गंध फैलती है.
– नंदराम राठौर
जल्द निराकरण किया जाएगा
वार्ड 82 में नई सीवरेज लाइन डालने के लिए चौबीस करोड़ का बजट पास हुआा है. सुदामा नगर, गुरु शंकर नगर जैसी और भी कॉलोनियों की सीवरेज लाइन की समस्या का जल्द ही निराकरण हो जाएगा.
– नितिन शर्मा, पार्षद
