अमेरिका, ईरान को फिर वार्ता मेज पर लाने के प्रयास जारी : शहबाज शरीफ

इस्लामाबाद, 29 अप्रैल (वार्ता) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि अमेरिका और ईरान को फिर से बातचीत की मेज पर लाकर मौजूदा संघर्ष समाप्त करने के लिए पाकिस्तान के प्रयास जारी हैं, हालांकि फिलहाल स्थिति मंहगे और जटिल गतिरोध में फंसी हुई है।

श्री शरीफ ने कैबिनेट को संबोधित करते हुए कहा कि जारी युद्ध ने पाकिस्तान की आर्थिक प्रगति की रफ्तार को प्रभावित किया है और ऊर्जा कीमतों में तेज वृद्धि ने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।

उन्होंने कहा, ” युद्ध के कारण हमारी आर्थिक विकास यात्रा रुक गई है, पेट्रोलियम कीमतें आसमान छू रही हैं, समस्याएं बढ़ रही हैं, लेकिन हम इस कठिन समय से सफलतापूर्वक निकलेंगे।”

श्री शरीफ ने बताया कि पाकिस्तान की सैन्य और कूटनीतिक नेतृत्व संरचना भी सक्रिय रूप से मध्यस्थता में लगी हुई है। उनके अनुसार सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर तथा उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री ने भी अमेरिकी और ईरानी समकक्षों के साथ संपर्क बनाये रखा है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के गहन प्रयासों से युद्धविराम की अवधि बढ़ायी गयी, हालांकि जमीनी स्तर पर तनाव बना हुआ है।

पाकिस्तान लंबे समय से अमेरिका और ईरान के बीच संचार सेतु की भूमिका निभाने की कोशिश करता रहा है, विशेषकर ऐसे समय में जब प्रत्यक्ष वार्ता बाधित हो और क्षेत्रीय अस्थिरता ऊर्जा, व्यापार तथा सुरक्षा पर व्यापक असर डाल रही हो।

श्री शरीफ की टिप्पणी ऐसे समय आयी है जब पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक तेल बाजार, समुद्री व्यापार मार्ग और क्षेत्रीय कूटनीति पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।

 

 

Next Post

वेदांता का मुनाफा चौथी तिमाही में 89 प्रतिशत बढ़कर 9,352 करोड़

Wed Apr 29 , 2026
मुंबई, 29 अप्रैल (वार्ता) खनन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी वेदांता को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 9,352 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो एक साल पहले के मुकाबले 89 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने बुधवार को वित्तीय परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि तिमाही के […]

You May Like