सलकनपुर। शुक्रवार को देवीधाम सलकनपुर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में संभाग के कमिश्नर कर्मवीर शर्मा, डीआईजी राजेश चंदेल, कलेक्टर बालागुरु के, एसपी सोनाक्षी सक्सेना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे.
शिविर का शुभारंभ विधायक रमाकांत भार्गव ने किया. नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे. शिविर में कुल 48 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 39 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया. जबकि शेष 9 आवेदन संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे गए.
इस अवसर पर एसडीएम संजीव कुमार नागु, जनपद सीईओ जितेंद्र सिंह धाकरे, तहसीलदार रेहटी सपना झिरोलिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे. मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकारियों द्वारा लोगों से सीधा संवाद कर समस्याओं के निराकरण व योजनाओं की जानकारी दी गई.
एक ओर शिविर में जिले और संभाग स्तर के अधिकारियों से लेकर विभिन्न विभागों का पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों की अपेक्षित संख्या में सहभागिता नहीं दिखाई दी. शिविर में प्राप्त आवेदनों की संख्या 50 के आंकड़े को भी पार नहीं कर सकी. ग्रामीणों का कहना था कि उन्हें सलकनपुर में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित होने की जानकारी ही नहीं थी. आसपास के गांवों के कुछ लोगों ने बताया कि यदि शिविर की जानकारी समय रहते गांवों तक पहुंचाई जाती और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाता तो बड़ी सं या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंच सकते थे. ऐसे में शिविर में अधिकारियों की मौजूदगी और विभागीय स्टॉलों की व्यवस्था के बावजूद कम सं या में आवेदन पहुंचना प्रशासन के प्रचार-प्रसार तंत्र पर सवाल खड़े करता नजर आया.
