इंदौर: कनाडिया पुलिस ने 28 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या के अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए उसके पति, दूसरी पत्नी और सुपारी किलरों को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात को महज चंद रुपयों के लिए अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपियों से दो देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, एक कार, मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल जब्त किए हैं.
जानकारी के अनुसार 14 अगस्त को ग्राम कनाडिया की रहने वाली 28 वर्षीय रानी पति ईश्वर सोनगरा का शव एमवायएच में मिला था. पोस्टमार्टम में सिर में गोली फंसी होने का खुलासा हुआ था.
मृतका की बहन लक्ष्मी ने बयान में बताया कि बहन के पति ईश्वर का किसी और महिला तोषिका से संबंध था और उसने दूसरी शादी भी कर ली थी. इसके बाद से ईश्वर और उसकी दूसरी पत्नी मृतका रानी को लगातार धमकाते और रास्ते से हटाने की योजना बना रहे थे. मामले में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी डॉ. सहर्ष यादव ने टीम गठित की.
मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की कर घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों 32 वर्षीय तोषिका सोनगरा निवासी ग्राम कनाडिया, 23 वर्षीय अमन मिमरोट निवासी गणराज नगर, खजराना, 24 वर्षीय मोहम्मद समद निवासी गोसिया मंदिर के सामने खजराना, 34 वर्षीय ईश्वर उर्फ ईंधर सोनगरा निवासी ग्राम कनाडिया तथा 33 वर्षीय मुजफ्फर खान निवासी गांधी ग्राम कॉलोनी, खजराना को गिरफ्तार किया.
