मॉयल की खदानों और फैरो प्लांट का इस्पात मंत्रालय की टीम ने लिया जायजा

बालाघाट: जिला मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित मॉयल लिमिटेड भरवेली खदान में बुधवार, 1 अप्रैल को केन्द्रीय इस्पात मंत्रालय के सचिव संदीप पौड्रिक एवं संयुक्त सचिव डी.एम. पाण्डे का अल्प प्रवास हुआ। उनके आगमन पर कंपनी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक विश्वनाथ सुरेश तथा निदेशक (वित्त) राकेश तुमाने ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर विश्राम गृह में एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें मॉयल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सचिव एवं संयुक्त सचिव ने विस्तार से चर्चा की।

अपने संबोधन में सचिव संदीप पौड्रिक ने इस्पात उद्योग के सामने उभरती चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उपायों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक और मशीनीकरण को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से संवाद करते हुए विभिन्न तकनीकी और प्रबंधन संबंधी पहलुओं पर सवाल-जवाब भी किए।

बैठक के पश्चात दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने भूमिगत खदान का निरीक्षण किया। उन्होंने खदान के भीतर संचालित कार्यों की बारीकियों को समझा और सुरक्षा, उत्पादन तथा कार्यप्रणाली को लेकर आवश्यक दिशानिर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मॉयल के फैरो प्लांट सहित अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का भी दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।इस दौरान बालाघाट के कलेक्टर मृणाल मीणा ने भी भरवेली विश्राम गृह पहुंचकर केन्द्रीय इस्पात सचिव एवं संयुक्त सचिव से मुलाकात की।

उन्होंने जिले में खनन गतिविधियों, औद्योगिक विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को लेकर विचार-विमर्श किया। इस मुलाकात को क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।कार्यक्रम में मॉयल लिमिटेड के निदेशक (मानव संसाधन) श्रीमती उषा सिंह, निदेशक (वाणिज्य) सुश्री रश्मि सिंह, निदेशक (उत्पादन एवं योजना) एम.एम. अब्दुल्ला, कार्यकारी निदेशक (तकनीकी) किशोर चन्द्राकर, कार्यकारी निदेशक (विविधीकरण) राजेश वर्मा, महाप्रबंधक (तकनीकी विकास) परिदा, महाप्रबंधक (विविधीकरण) राजेश भट्टाचार्य सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त उकवा, तिरोड़ी, चिखला, डोंगरीबुजुर्ग, गुमगांव, कांद्री एवं मनसर खदानों के खान प्रबंधक एवं अन्य विभागों के अधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में अभिकर्ता एवं महाप्रबंधक उम्मेदसिंह भाटी तथा खान प्रबंधक विवेक कुमार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी पक्षों की सराहना की।

Next Post

मोबाइल विवाद में तीन बच्चों की मां ने जहर खाकर दी जान

Thu Apr 2 , 2026
इंदौर:आजाद नगर थाना क्षेत्र में तीन बच्चों की मां ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. हालत बिगड़ने पर उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई. थाना प्रभारी लोकेश भदौरिया ने बताया कि 26 वर्षीय मृतका सीमा पति चंद्रभान प्रजापति निवासी अभिषेक नगर है. चंद्रभान […]

You May Like