ग्वालियर: दो पक्षों का विवाद सुलझाने पहुंचे एसआई रूद्र पाठक से बाइक सवार युवकों ने बहस शुरू कर दी और एसआई पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए धक्का-मुक्की करने लगे। भीड़ के बीच युवकों ने एसआई की वर्दी पकड़कर उनकी नेम प्लेट तक खींचने की कोशिश की। इस दौरान एसआई खुद को बचाने का प्रयास करते रहे लेकिन युवक उन पर हावी होते नजर आए। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में युवक कहते नजर आए कि सब-इंस्पेक्टर है तो हमारा क्या बिगाड़ लेगा। इस दौरान मौजूद भीड़ ने किसी तरह एसआई को युवकों से बचाया। जब तक थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचता, आरोपी युवक वहां से फरार हो चुके थे। यह घटना कंपू के आमखो तिराहा की है जिसका वीडियो आज रविवार को सोशल मीडिया पर सामने आया है। फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
कंपू थाना में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर रूद्र पाठक को सूचना मिली थी कि आमखो तिराहा पर कार और बाइक की टक्कर के बाद विवाद हो रहा है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने लगे।इसी दौरान एक अन्य बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और एसआई से उलझ गए। जब एसआई विवाद सुलझाने का प्रयास कर रहे थे, तब दोनों युवक माहौल को भड़काने लगे। एसआई ने उन्हें सख्ती से समझाया तो वे और आक्रामक हो गए और उनसे बहस करने लगे।
देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। युवकों ने आरोप लगाया कि एसआई ने वर्दी का रौब दिखाते हुए उन्हें थप्पड़ मारा, जिसके बाद वे उन पर हावी होने की कोशिश करने लगे।
धक्का-मुक्की के बाद नेम प्लेट खींचने की कोशिशविवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें युवक एसआई रूद्र पाठक के साथ अभद्रता करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि भीड़ के बीच एसआई घिरे हुए हैं और युवक उनकी नेम प्लेट खींचने की कोशिश करते हुए वर्दी पर हाथ डाल रहे हैं।
फोर्स पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार
हंगामा बढ़ने पर एसआई ने तुरंत कंपू थाने से अतिरिक्त फोर्स बुलाया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से भाग निकले। जांच में सामने आया कि अभद्रता करने वाला युवक उज्जवल शर्मा, निवासी नाका चंद्रवदनी है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
