जबलपुर: होम्योपैथी डिग्री धारक द्वारा बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के एलोपैथिक दवाओं से मरीजों का उपचार किया जा रहा था। जिसको लेकर जिला प्रशासन ने एक्शन लेते हुए दोनो क्लीनिकों सील कर दिया है।जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी अधारताल पंकज मिश्रा के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित संदिग्ध क्लीनिकों एवं चिकित्सा संस्थानों में छापेमारी की गई ।
इस दौरान शाहीन मोहम्मद खान होम्योपैथी डिग्री धारक द्वारा संचालित शाहीन दवाखाना बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के एलोपैथिक दवाओं से मरीजों का उपचार करते हुए पाया गया। इसी प्रकार निसार अंसारी द्वारा संचालित रहमानी सिफाखाना क्लीनिक में बिना किसी सक्षम डिग्री के एलोपैथिक दवाओं से मरीजों का उपचार किया जाना पाया गया। जांच के दौरान दोनों संस्थानों से एलोपैथिक दवाइयां एवं उपचार संबंधी सामग्री बरामद की गई।
निरीक्षण दल जिसमे तहसीलदार अधारताल वीर बहादुर धुर्वे एवं शासकीय चिकित्सक डॉ शत्रुघन दाहिया एवं डॉ के के वर्मा, हनुमानताल थाने से पुलिस बल द्वारा आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। प्रथम दृष्टया नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर दोनों क्लीनिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई मे दवाईयों के सेम्पल जब्त करते हुए अगली कार्यवाही तक क्लीनिकों को तत्काल प्रभाव से सील कर बंद कर दिया गया है।
