
बैतूल। सातनेर गांव के करीब 30 विद्यार्थी इन दिनों 9वीं कक्षा में प्रवेश को लेकर परेशान हैं। बीते दो महीने से ये छात्र स्कूल के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन शासकीय हाईस्कूल प्रशासन उम्र कम होने का हवाला देकर एडमिशन देने से मना कर रहा है। बुधवार को मजबूर होकर बच्चे अपने माता-पिता के साथ बैतूल कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया।
पालकों ने बताया कि गांव से 50 किलोमीटर दूर बैतूल आना उनकी मजबूरी बन गई है, क्योंकि स्कूल सत्र शुरू हो चुका है और बच्चे अब तक पढ़ाई से वंचित हैं। उनका कहना है कि सभी बच्चों ने पूर्व कक्षा की परीक्षा पास कर ली है, लेकिन अब सिर्फ उम्र के आधार पर उन्हें शिक्षा से दूर किया जा रहा है, जो बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय है।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी और सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास को तत्काल तलब किया और समस्या का शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए उचित और सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
