
अशोकनगर। बहादुरपुर की कैथन नदी में गणेश घाट पर एक युवक का शव मंगलवार सुबह बरामद हुआ है। सुबह टहलने जाने वाले लोगों ने सबसे पहले इसे देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना की गई, मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने सफाई कर्मियों की मदद से शव को नदी से निकाला। युवक की पहचान दीपक राजपूत पुत्र सीताराम राजपूत उम्र 35 वर्ष निवासी बहादुरपुर के रूप में की गई है। युवक के परिजनों ने बताया कि वह बीते दो दिन से घर से गायब था। घर वाले उसे हर संभव जगह तलाश रहे थे। युवक के शव को देखने वाले आनंद शर्मा ने बताया कि शव मुंह के बल नदी में उल्टा पड़ा हुआ था। जहां शव था, वहां नदी में गहराई थी। इसलिए प्रथम दृष्टया शिनाख्ती नहीं हो पाई। जब शव को किनारे पर लाया गया तो युवक के भाई नीरज ने उसकी शिनाख्त की। बहरहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। प्रधान आरक्षक सोनू रघुवंशी ने बताया कि शव कम से कम 24 घंटे पुराना है, क्योंकि उसका शरीर फूल चुका था और कई जगह मछलियों के काटने के निशान हैं। पुलिस को मौके की खोजबीन में किनारे पर युवक के कपड़े और सैंडिल भी मिले हैं। मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
