बिजली नहीं मिलने पर किसानों ने किया हाईवे जाम, वाहनों की लगी कतारें

राजगढ़/ब्यावरा। कई दिनों से बिजली संकट झेल रहे किसानों ने परेशान होकर मजबूरन सोमवार को हाईवे स्थित ब्यावरा-राजगढ़ रोड हिरणखेड़ी जोड़ पर मूंडला विद्युत ग्रीड के यहां चक्काजाम कर दिया. एक घंटे से अधिक समय तक रहे चक्काजाम में मार्ग के दोनों और वाहनों की लम्बी-लम्बी कतारें लग गई. जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे. अधिकारियों द्वारा काफी समझाईश देते हुए चक्काजाम खत्म करने को कहा गया किंतु किसान समुचित बिजली दिए जाने की मांग करते रहे. आखिरकार पर्याप्त बिजली सप्लाई का भरोसा दिए जाने के बाद चक्काजाम समाप्त हो सका.

किसानों का कहना है कि वर्तमान में कई दिन से ग्रामीण क्षेत्र में बिजली नहीं है, सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है. शासन द्वारा लगभग 10 घंटे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सप्लाई के निर्देश है, जबकि कुछ समय के लिए ही बिजली मिल पा रही है. सिंचाई नहीं कर पा रहे है, विगत कई दिन से बिजली नहीं होने से पशुओं के लिए पीने के पानी तक की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

हर समय फाल्ट होने का हवाला देते

ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश समय बिजली गुल रहती है, इसका कारण पूछा जाता है तो बस एक ही बात कर्मचारियों द्वारा कही जाती है कि अभी फाल्ट है. आये दिन बिजली फाल्ट होने की बात कही जाकर लम्बे समय तक बिजली गुल रखी जा रही है. हाल ही में कुछ दिनों से बिजली नहीं होने के कारण पानी के लिए काफी दिक्कतों का सामना किसानों को करना पड़ रहा है. सिंचाई नहीं हो पा रही है,ग्राम मूंडला, खानपुरा, खांडियापुरा सहित अन्य गांवों में बिजली नहीं होने से किसान खासे परेशान है. किसानों के अनुसार बमुश्किल एक घंटे बिजली मिल पा रही है.

अब गांव में ग्रीड फिर भी परेशानी

जानकारी के अनुसार ग्राम मूंडला व अन्य गांवों में पूर्व में कालीपीठ ग्रीड से बिजली सप्लाई थी. ग्राम मूंडला में विद्युत ग्रीड बनने पर अब यहीं से बिजली सप्लाई की जाती है किंतु गांव में ही ग्रीड होने से परेशानी कम होने की बजाय और बढ़ गई है.

हमारी बात नहीं सुनी जाती है

चक्काजाम के दौरान ग्रामीणों का कहना था कि यहां का स्टॉफ मानों जानबूझकर परेशान करता है. किसी की बात सुनी नहीं जाती. जानबूझकर बिजली संकट खड़ा किया जा रहा है. किसानों की बात नहीं सुनी जाती है, मजबूरन चक्काजाम का सहारा लेना पड़ा. अधिकतर समय बिजली नहीं रहती है. ग्रामीणों द्वारा यहां तैनात स्टॉफ को बदलने की मांग भी की गई.

फसल में सिंचाई नहीं कर पा रहे

किसानों का कहना है कि पानी नहीं मिलने से वह गेहूं व अन्य फसलों में सिंचाई नहीं कर पा रहे है. वह तो मौसम साथ दे रहा है. बिजली संकट को लेकर कई बार जिम्मेदारों को अवगत कराया गया किंतु कोई सुनने को तैयार नहीं, बिजली नहीं मिलने से अनेक प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.

एक घंटे बाद पहुंचे अधिकारी

चक्काजाम के एक घंटे बाद विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसानों से चर्चा कर समझाईश दी गई. समुचित बिजली दिए जाने के पूर्ण भरोसे के बाद आखिरकार चक्काजाम समाप्त कर दिया गया.

चक्काजाम मामले में प्रकरण दर्ज

ग्राम मूंडला में बिजली बिल की बकाया राशि को लेकर विद्युत सप्लाई बंद होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने हिरणखेड़ी जोड़ के समीप हाईवे पर चक्का जाम कर दिया था. हाईवे अवरुद्ध रहने से वाहनों की आवाजाही बाधित रही. पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाईश देकर मार्ग खुलवाया. इस मामले में 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना कोतवाली राजगढ़ में धारा 126 (2), 191(2) बीएनएस तथा राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम की धारा 8 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है.

विभाग ने कहा राशि बकाया है

इस संबंध में विभाग का कहना है कि ग्राम मूंडला में दो ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई है. यहां 72 विद्युत कनेक्शन है. डीई राजेन्द्र रंजन के अनुसार इन कनेक्शन पर करीब 8 लाख रुपये बिल के बकाया है. जिसके चलते 28 जनवरी को यहां ट्रांसफार्मर से कनेक्शन डिसकनेक्ट किया गया. बकाया राशि जमा करने आज गांव में केम्प लगाया जाएगा. यदि राशि जमा हो जाती है तो बिजली सप्लाई बहाल कर दी जाएगी.

Next Post

चार्टड बस दुर्घटनाग्रस्त

Mon Feb 2 , 2026
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के सानौधा थाना अंतर्गत एमपीआईडीसी के चनाटोरिया टोल टैक्स के नजदीक इंदौर से सतना की ओर जा रही चार्टड बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई.जिसमें 18 यात्री सवार थे. सानौधा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज सोमवार की सुबह 5 बजे इंदौर से सागर होते […]

You May Like