
इंदौर. शहर के श्रद्धा और आस्था का प्रतीक खजराना गणेश मंदिर इस बार गणेश चतुर्थी पर विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा. भगवान गणेश को इस बार करीब 4.50 करोड़ रुपए मूल्य का हीरे-जड़ित स्वर्ण मुकुट धारण कराया जाएगा. यह मुकुट बंगाल के दक्ष कारीगरों द्वारा खास तौर पर तैयार किया जा रहा है.
मंदिर के पुजारी पं. अशोक भट्ट ने बताया कि पहले चांदी में इसकी डमी बनाकर डिजाइन को अंतिम रूप दिया जाएगा, इसके बाद उसी आधार पर सोने से मुकुट गढ़ा जाएगा. प्रयास किया जा रहा है कि यह मुकुट गणेश चतुर्थी तक पूरी तरह तैयार हो जाए ताकि भगवान को चतुर्थी के दिन इसे धारण कराया जा सके. गणेश चतुर्थी महोत्सव की तैयारियों को लेकर 25 जुलाई को सुबह 10:30 बजे मंदिर परिसर में एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी. इसमें मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में आयोजन संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी. साथ ही मंदिर विकास और व्यवस्थाओं को लेकर भी अहम निर्णय लिए जाएंगे. इस बार भी गणेश चतुर्थी से लेकर 10 दिन तक मंदिर में आकर्षक फूल बंगला सजाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. मंदिर प्रशासन की ओर से व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं.
