जुपी ने कमाया 146 करोड़ रुपये शुद्ध लाभ

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (वार्ता) गेमिंग प्लेटफॉर्म जुपी ने वित्त वर्ष 2023-24 में 146 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया और इस दौरान कंपनी का शुद्ध राजस्व 1123 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) दिलशेर सिंह माल्ही ने मंगलवार को यहां यह घोषणा करते हुये कहा, “वित्त वर्ष 2023-24 हमारे लिए एक ऐतिहासिक साल रहा। हम लाभ में आए, तेजी से बढ़े और हमारे गेम्स हमारी शुरुआती सीमाओं से कहीं आगे के उपयोगकर्ताओं तक पहुंचे। हमने न सिर्फ विकास किया बल्कि भारत में गेमिंग की एक नई श्रेणी भी स्थापित की। हमारी सफलता यह साबित करती है कि संस्कृति से जुड़े गेम सीमाओं और पीढ़ियों से परे जाकर लोगों को जोड़ते हैं। नवाचार, नियमों का पालन और जिम्मेदार गेमिंग को लेकर हमारा फोकस जुपी को भारत के गेमिंग बाजार में एक मजबूत और भरोसेमंद नाम बनाता है।”

उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 में 1123 करोड़ रुपये का शुद्ध राजस्व अर्जित किया गया और 146 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया गया है। अपनी स्थापना के बाद यह पहला अवसर है जब कंपनी ने पूरे वर्ष के लिए लाभ कमाया है, जो कंपनी की सुदृढ़ व्यावसायिक नींव और स्थायी विकास को दर्शाता है। इस वित्त वर्ष के दौरान कंपनी ने 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ अपने पंजीकृत उपयोगकर्ताओं का आधार मजबूत किया। उत्तर भारत में अपने परंपरागत बाजारों में नेतृत्व स्थापित करने के बाद कंपनी ने देशभर में विस्तार किया और नए क्षेत्रों में प्रवेश करते हुए विविध आयु और सामाजिक पृष्ठभूमि के उपयोगकर्ताओं को जोड़ा।

Next Post

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) ने रचा नया कीर्तिमान

Tue Apr 22 , 2025
स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार खादी और ग्रामोद्योग का कारोबार 1 लाख 70 हजार करोड़ रुपये के पार. केवीआईसी अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने वित्त वर्ष 2024-25 के अनंतिम (Provisional) आंकड़े जारी किये. पिछले 11 वर्षों में उत्पादन में 347% के उछाल के साथ चार गुना और बिक्री […]

You May Like