जम्मू, 22 जुलाई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर मौसम विभाग ने 22 से 25 जुलाई के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है, जिसमें जम्मू संभाग में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने आज बताया कि 22 और 23 जुलाई को जम्मू संभाग में कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश, गरज और तेज़ हवाएँ चलेंगी। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर तेज़ बारिश और भारी से बहुत भारी बारिश भी होगी।
मौसम विभाग के अनुसार 24 जुलाई को सामान्यतः बादल छाए रहने और कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। जम्मू और कश्मीर दोनों जगहों पर कुछ स्थानों पर तेज़ बारिश और भारी बारिश की भी संभावना है।
यह जानकारी भी दी गयी है कि 25 से 27 जुलाई तक मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 28 से 30 जुलाई तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने एक परामर्श में कुछ संवेदनशील स्थानों पर अचानक बाढ़ आने, भूस्खलन, पत्थर गिरने, जलाशयों में जल स्तर बढ़ने और कुछ निचले इलाकों में जलभराव की संभावना की चेतावनी दी है। इसे देखते हुए किसानों को 22 से 24 जुलाई तक कृषि कार्य स्थगित रखने की सलाह दी जाती है।”
