लवकुशनगर: लवकुशनगर क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरमियान रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ सिविल कोर्ट के पास अज्ञात बदमाशों ने एक 23 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने युवक पर इस कदर ताबड़तोड़ वार किए कि उसकी सांस नली कट गई और उसने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। वारदात के बाद इलाके में भारी सनसनी और दहशत का माहौल है।
लवकुशनगर थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 23 वर्षीय केके गुप्ता के रूप में की गई है। वह पोस्ट ऑफिस (डाकघर) में सरकारी नौकरी करता था। शनिवार की देर रात वह अपनी कार से जा रहा था, तभी आक्टोहां तिराहा के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस हमले के दौरान युवक की कार भी पूरी तरह खून से सन गई, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वारदात कितनी खौफनाक थी।
घटना की सूचना मिलते ही लवकुशनगर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मृतक के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के गहरे निशान पाए गए हैं। गले की नस और सांस नली कट जाने के कारण अत्यधिक खून बह गया, जो उसकी मौत का मुख्य कारण बना। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
इस अंधी हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
