
इन्दौर।मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने इंदौर में मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि राज्य सरकार गेहूं की खरीद अब ₹2625 प्रति क्विंटल की दर से करेगी। सरकार ने एमएसपी ₹2585 प्रति क्विंटल पर ₹40 बोनस देने का निर्णय लिया है।
सीएम ने यह भी घोषणा की कि गेहूं उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च तक कर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ ले सकें।
दिन में बिजली देने की योजना जारी रहेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को खेती के समय दिन में ही बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। रात में सिंचाई या अन्य कृषि कार्य करने में किसानों को जो परेशानियां होती हैं, उन्हें देखते हुए सरकार यह कल्याणकारी व्यवस्था आगे भी जारी रखेगी।
उन्होंने बताया कि बड़वानी में हुई कृषि कैबिनेट के संकल्पों को सरकार लगातार पूरा कर रही है और किसानों के हित में निर्णय लिए जा रहे हैं।
यूपीएससी में प्रदेश के युवाओं को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने हाल ही में आए यू पी एस सी के परिणामों में मध्य प्रदेश के दो युवाओं के टॉप-10 में स्थान बनाने पर खुशी जताई।
उन्होंने भोपाल के ईशान को 5वीं रैंक और धार के प्रक्षल को 8वीं रैंक हासिल करने पर बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के युवा देश-दुनिया में मध्य प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
इंदौर की रंगारंग गैर को लेकर दी अग्रिम शुभकामनाएं
सीएम ने इंदौर में निकलने वाली पारंपरिक गैर को लेकर भी लोगों को अग्रिम बधाई दी। उन्होंने कहा कि होली रंगों और आनंद का त्योहार है और हमें मिलकर देश की हजारों साल पुरानी संस्कृति को जीवित रखना चाहिए।
मां की मौत को लेकर युवक ने रोका सीएम का काफिला
इंदौर में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान एक युवक ने अपनी मां की मौत के मामले में न्याय की मांग करते हुए उनका काफिला रोक लिया।
बताया गया कि करीब पांच महीने पहले मंजू चौहान को सर्दी-खांसी की शिकायत के चलते एक निजी क्लिनिक पर बीएचएमएस डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन और बॉटल लगाई गई थी। इसके बाद उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अब तक दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मृतका के बेटे रोहन ने न्याय की मांग को लेकर मुख्यमंत्री का काफिला रोक दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवक से बात की और मामले में हर संभव मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद काफिला आगे बढ़ गया।
