सतना । लोक आस्था के महान पर्व छठ पूजा के नजदीक आते ही उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने व आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। सतना जंक्शन पर स्थिति यह है कि सामान्य से लेकर रिजर्वेशन कोचों तक में यात्रियों को पैर रखने की जगह तक नहीं मिल रही है।
त्योहार के दौरान यात्रियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इन विशेष ट्रेनों के चलने से यात्रियों को काफी हद तक राहत जरूर मिल रही है, लेकिन इसके बावजूद भी जंक्शन पर यात्रियों का दबाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाली लगभग सभी नियमित ट्रेनें फुल चल रही हैं और वेटिंग लिस्ट का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन और आरपीएफ/जीआरपी द्वारा सतना जंक्शन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। जंक्शन के हर प्लेटफार्म और प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों को सुचारू रूप से ट्रेनों में चढ़ाने और उतरने के लिए एनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए लगातार दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही बुजुर्गों और महिलाओं की सहायता के लिए विशेष टीमें तैनात हैं।
स्टेशन प्रबंधक ए. मतीन ने बताया कि उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर आने-जाने वाली ट्रेनों में इन दिनों यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। स्थिति यह है कि ट्रेनों में यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही। यात्रियों की बढ़ती संख्या और भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।
