चित्रकूट दीपावली मेले के बाद मैहर में उमड़ा माई के भक्तों का तांता

सतना/मैहर: चित्रकूट में संपन्न हुए पांच दिवसीय भव्य दीपावली मेले के समापन के पश्चात धार्मिक नगरी मैहर में चित्रकूट में दीपदान करने दूर-दराज से आए हज़ारों श्रद्धालु त्रिकूट पर्वत पर विराजमान माँ शारदा के दर्शन के लिए मैहर पहुँच रहे हैं.

धार्मिक नगरी चित्रकूट में पांच दिवसीय भव्य दीपावली मेले के सफलता पूर्वक संपन्न होने के पश्चात, अब माँ शारदा की पावन नगरी मैहर में आस्था और श्रद्धा का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा है. देश-विदेश और दूर-दराज के क्षेत्रों से चित्रकूट पहुँचे लाखों श्रद्धालुओं का रुख अब त्रिकूट पर्वत पर विराजमान माँ शारदा के दर्शनों की ओर हो गया है. चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के विभिन्न घाटों पर स्नान और दीपदान करने के बाद हज़ारों-लाखों की संख्या में दर्शनार्थी मैहर पहुँचकर माता रानी का आशीर्वाद ले रहे हैं.

दोपहर 2 बजे तक 53 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने टेका माथा
जिला प्रशासन एवं मंदिर समिति से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार दोपहर 2 बजे तक ही 53 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माँ शारदा के दरबार में हाजिरी लगाकर पूजा-अर्चना की और मनोकामनाएं माँगी. चित्रकूट मेले के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लगातार आगमन से मैहर धाम में सुबह से ही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं.

सुरक्षा और जनसुविधाओं के पुख्ता व चाक-चौबंद प्रबंध
चित्रकूट मेले से सीधे मैहर पहुँच रही श्रद्धालुओं की इस विशाल भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस महकमे और मंदिर प्रबंधन समिति ने सुरक्षा एवं व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं. सुगम दर्शन के लिए रोपवे के साथ-साथ पैदल सीढ़ी मार्ग पर श्रद्धालुओं के सुचारू आवागमन के लिए पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की भगदड़ या अव्यवस्था न हो. धाम में आने वाले हर एक श्रद्धालु के लिए शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, छाया तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए हैं. मंदिर परिसर से लेकर पूरे मेला क्षेत्र और स्टेशन मार्ग तक पुलिस बल मुस्तैद है. सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर बिंदु पर पैनी नजर रखी जा रही है.
प्रशासनिक अमला और पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र का दौरा कर मेला व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, जिससे भारी भीड़ के बावजूद सभी श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के सुगमता और शांतिपूर्ण तरीके से माँ शारदा के दर्शन प्राप्त हो रहे हैं.

Next Post

9 साल से फाइलों में उलझा सरभंगा संरक्षण रिजर्व का प्रस्ताव

Wed Nov 11 , 2026
सतना।दुर्लभ वन्य प्राणियों के संरक्षण को लेकर मझगवां और बिरसिंहपुर क्षेत्र के 233.10 वर्ग किमी वन क्षेत्र को मिलाकर सरभंगा संरक्षण रिजर्व बनाए जाने वन मंडल सतना द्वारा भोपाल प्रस्ताव भेजा गया है.जिले के समृद्ध वन्यजीव बहुल क्षेत्र को विधिवत पहचान और सुरक्षा दिलाने की दिशा में एक बार फिर […]

You May Like