9 साल से फाइलों में उलझा सरभंगा संरक्षण रिजर्व का प्रस्ताव

सतना।दुर्लभ वन्य प्राणियों के संरक्षण को लेकर मझगवां और बिरसिंहपुर क्षेत्र के 233.10 वर्ग किमी वन क्षेत्र को मिलाकर सरभंगा संरक्षण रिजर्व बनाए जाने वन मंडल सतना द्वारा भोपाल प्रस्ताव भेजा गया है.जिले के समृद्ध वन्यजीव बहुल क्षेत्र को विधिवत पहचान और सुरक्षा दिलाने की दिशा में एक बार फिर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है. दुर्लभ वन्य प्राणियों की पर्याप्त मौजूदगी वाले सरभंगा वन क्षेत्र को संरक्षण रिजर्व घोषित किए जाने के लिए वन मंडल सतना द्वारा भोपाल शासन को नया प्रपोजल पुनः भेजा गया है. हालांकि, इस महत्वपूर्ण योजना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि वर्ष 2017 से लगातार प्रपोजल भेजने के बावजूद पिछले लगभग 9 वर्षों से यह मामला फाइलों में ही झूल रहा है और इसे अब तक संरक्षित वन क्षेत्र घोषित नहीं किया जा सका है.

क्या है सरभंगा संरक्षण रिजर्व का दायरा.
मध्य प्रदेश शासन वन विभाग के निर्देशों और तैयार किए गए ड्राफ्ट के अनुसार, सतना सामान्य वनमंडल के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र के 233.10 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सरभंगा संरक्षण रिजर्व का प्रस्ताव बनाया गया है जिसमें 87.9141 वर्ग किमी आरक्षित वन और 145.1954 वर्ग किमी संरक्षित वन शामिल है. यह वन क्षेत्र मझगवां तथा बिरसिंहपुर तहसील के अंदर आता है. यह क्षेत्र उत्तरप्रदेश के रानीपुर टाइगर रिजर्व के अलावा प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व से जुड़ा हुआ है. यहाँ के समृद्ध भू-दृश्य,वनस्पतियाँ और वन्यप्राणी जगत की सुरक्षा व पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से इसे कंजर्वेशन रिजर्व बनाया जाना अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है.
9 साल से लटका है मामला
वन्यजीव प्रेमियों और जानकारों का कहना है कि सरभंगा क्षेत्र में दुर्लभ वन्य जीवों की प्रचुरता को देखते हुए साल 2017 से ही इसे संरक्षण रिजर्व का दर्जा दिए जाने की कार्ययोजना पर प्रक्रिया चल रही है. वन विभाग के स्थानीय अमले द्वारा लगातार प्रस्ताव भेजने और सीमाओं का सत्यापन करने के बाद भी अंतिम अधिसूचना जारी न होने से क्षेत्र के पर्यावरणविदों में मायूसियां हैं. उनका मानना है. कि जिले के पर्यटन और पर्यावरणीय दृष्टिकोण से इसे जल्द संरक्षित क्षेत्र घोषित करने की जरूरत है.

सरभंगा संरक्षण रिजर्व का क्षेत्र
प्रशासनिक और तकनीकी सत्यापन के बाद तैयार प्रस्ताव में इस रिजर्व की सीमाओं का निर्धारण इस प्रकार किया गया है. उत्तर दिशा में वन परिक्षेत्र मझगवां के कक्ष क्रमांक पी-840, वन परिक्षेत्र चित्रकूट के कक्ष क्रमांक पी-78 तथा वन परिक्षेत्र बरौंधा के कक्ष क्रमांक पी-139 के मिलान बिंदु से शुरू होकर विभिन्न कक्षों (पी-840, पी-839, पी-836, पी-835, पी-834, पी-833 आदि) की उत्तरी सीमा से होते हुए रानीपर टाइगर रिजर्व (उत्तर प्रदेश) के मिलान बिंदु तक फैली है. वहीं पूर्व दिशा,वन परिक्षेत्र मझगवां, वन परिक्षेत्र सेमरिया (रीवा वनमंडल) तथा रानीपुर टाइगर रिजर्व (उ.प्र.) के मिलान बिंदु से कक्ष क्रमांक आरएफ -876 (अमुआ वनखण्ड) के मुनारा क्रमांक 01 तक. दक्षिण दिशा में कक्ष क्रमांक आर.एफ.-847 (कैलाशपुर वनखण्ड) से शुरू होकर विभिन्न कक्षों (आर.एफ.-848, पी-841, पी-843, पी-842, पी-865, पी-864) के मुनारा क्रमांक 01 और अन्य कक्षों की दक्षिणी सीमा से होते हुए कक्ष क्र. आर.एफ.-876 (अमुआ वनखण्ड) के मुनारा क्र. 01 तक.
पश्चिम दिशा में, मझगवां, चित्रकूट और बरौंधा परिक्षेत्रों के विभिन्न कक्षों की पश्चिमी सीमा से होते हुए आर.एफ.-847 (कैलाशपुर वनखण्ड) के मुनारा क्रमांक 203 तक निर्धारित की गई है.

 

सरभंगा वन क्षेत्र में बाघों और अन्य दुर्लभ वन्य प्राणियों की पर्याप्त और निरंतर मौजूदगी दर्ज की जाती रही है. इस क्षेत्र के समृद्ध पारिस्थितिकी तंत्र और वन्यजीवों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए शासन स्तर पर सरभंगा को संरक्षण रिजर्व के रूप में घोषित किए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है. इस दिशा में प्रक्रिया जारी है ताकि इस महत्वपूर्ण वन्य क्षेत्र को कानूनी और सुदृढ़ संरक्षण मिल सके. – मयंक चांदीवाल, वनमंडल अधिकारी

Next Post

अवैध शराब पर सख्त रुख, राजधानी में ग्राम स्तर पर रहेगी सतत निगरानी

Wed Nov 11 , 2026
भोपाल। जिले में अवैघ शराब की बिक्री मिल रही शिकायतों को लेकर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सख्त रुख ने अपने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में अवैध और कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अब ग्राम स्तर पर सतत निगरानी की जाएगी। कलेक्टर […]

You May Like