
भोपाल। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, शिवाजीनगर में सात घंटे चली रणनीतिक बैठक में संगठनात्मक मजबूती और भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन की व्यापक कार्ययोजना तैयार की। बैठक में छात्र हितों, संगठन विस्तार और आगामी जनआंदोलनों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने की। इसमें प्रदेश पदाधिकारी, जोन प्रभारी, जिला अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी शिवि सिंह चौहान तथा सह-प्रभारी रूपेश सिंह भदौरिया ने भी संबोधित किया।
बैठक में आगामी 40 दिवसीय राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर चलाने का निर्णय लिया गया। नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट-यूजी 2026 परीक्षा के पेपर लीक ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री से जुड़े कथित भूमि विवाद के मुद्दे पर भी आंदोलन तेज करने की घोषणा की गई। इसके तहत प्रदेशभर में पर्चे वितरण और ब्लॉक स्तर पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में ‘शक्ति अभियान’ की समीक्षा करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने, जवाबदेही बढ़ाने तथा महिलाओं और युवाओं की भागीदारी में वृद्धि पर जोर दिया गया।
बैठक के समापन पर पदाधिकारियों ने छात्रों के अधिकारों और जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने तथा शिक्षा संस्थानों से लेकर सड़कों तक आंदोलन को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
