जबलपुर: जिले में बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एस एम एस) लगे कम्बाइन हार्वेस्टरों के प्रवेश पर लगी रोक को प्रशासन ने अस्थायी रूप से हटा दिया है। लगातार बारिश के कारण बनी परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। रविवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर अपर कलेक्टर नाथूराम गोंड ने इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि अब ऐसे कम्बाइन हार्वेस्टर जिले की सीमा में प्रवेश कर सकेंगे, जिन पर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम नहीं लगा है। जिला प्रशासन ने सीमा पर स्थित सभी टोल नाकों के प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे बिना एसएमएस लगे कम्बाइन हार्वेस्टरों को जिले में प्रवेश की अनुमति दें।
ज्ञात हो कि पूर्व में फसल अवशेषों के जलने से पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के उद्देश्य से बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम वाले हार्वेस्टरों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था। हालांकि, इस समय वर्षा के कारण खेतों में नमी बनी हुई है, जिससे पराली जलाने की संभावना कम हो गई है। इसी कारण प्रशासन ने रोक को अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया है।
