लॉस एंजिल्स, 19 अगस्त (वार्ता) अमेरिका के यूटा में रविवार रात हुई गोलीबारी में दो पुलिस अधिकारी मारे गए और एक अन्य घायल हो गया।
स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।
मीडिया के अनुसार पड़ोसी ब्रिघम सिटी पुलिस विभाग ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि ट्रेमोंटन शहर में घरेलू हिंसा के एक मामले में किसी व्यक्ति के कई बार 911 पर कॉल करने के बाद ट्रेमोंटन गारलैंड पुलिस विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई की।
रिपोर्ट के अनुसार एक व्यक्ति बंदूक लेकर बाहर आया और पहले अधिकारी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पहले अधिकारी की मदद करने आए दूसरे अधिकारी को भी उस व्यक्ति ने गोली मारी जिससे उसकी मौत हो गई।
इस व्यक्ति ने बॉक्स एल्डर काउंटी शेरिफ कार्यालय के एक डिप्टी की गाड़ी पर कई राउंड गोलियां चलाईं। गोलीबारी में वह और उसका कुत्ता घायल हो गए।
रिपोर्टों के अनुसार आसपास खड़े लोगों ने व्यक्ति को हथियार नीचे रखने के लिए मना लिया और मौके पर मौजूद अन्य अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया।
यूटा के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स ने एक्स पर एक पोस्ट में इसे ”एक भयानक और दुखद रात” बताया और ”इन साहसी कानून प्रवर्तन अधिकारियों के निधन” पर शोक व्यक्त किया।
