सैन फ्रांसिस्को, दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक कंपनियों में शुमार एनवीडिया (Nvidia) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेनसन हुआंग इस समय एक अभूतपूर्व विवाद के केंद्र में हैं। अपनी चर्चित लेदर जैकेट और AI क्रांति के चेहरा माने जाने वाले हुआंग पर अपनी पत्नी से बेवफाई और सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ से जुड़ी एलिस हुआंग नाम की कथित चीनी जासूस से संबंध रखने का गंभीर आरोप लगा है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को अंदेशा है कि चीन एनवीडिया की आधुनिक एआई चिप्स की गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश में था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद से स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है, हालांकि शुरुआती जांच में राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ का कोई सबूत नहीं मिला है।
कंपनी के अनूठे ढांचे में उत्तराधिकारी का अभाव, CFO कॉलेट क्रेस और इयान बक का नाम शीर्ष दावेदारों की दौड़ में आगे
जेनसन हुआंग के नेतृत्व की इस अनिश्चितता ने एनवीडिया के कॉरपोरेट ढांचे की सबसे बड़ी कमजोरी को उजागर कर दिया है, क्योंकि कंपनी में 60 से ज्यादा वरिष्ठ अधिकारी सीधे हुआंग को रिपोर्ट करते हैं और वहां कोई आधिकारिक सेकंड-इन-कमांड नहीं है। यदि जांच के बाद हुआंग को पद छोड़ना पड़ता है, तो नए सीईओ की दौड़ में दो प्रमुख नाम सबसे आगे आ रहे हैं। पहला नाम चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) कॉलेट क्रेस का है, जो लंबे समय से वित्तीय रणनीति संभाल रही हैं और निवेशकों के बीच लोकप्रिय हैं। वहीं दूसरा नाम डेटा सेंटर कारोबार व ‘कूडा’ (CUDA) तकनीक के प्रमुख इयान बक का है, जो कंपनी के सबसे लाभदायक सेगमेंट का नेतृत्व करते हैं।
विवाद की खबर से शेयर बाजार में एनवीडिया के शेयर 4.3% टूटे, अनिश्चितता से निवेशकों की बढ़ी चिंता
सीईओ की कुर्सी पर छाए खतरे की खबर मिलते ही वॉल स्ट्रीट पर निवेशकों का भरोसा डगमगा गया और एनवीडिया का शेयर 4.3 फीसदी गिरकर 178.67 डॉलर पर बंद हुआ। पूर्व में इंटेल के ब्रायन क्रजानिक और बोइंग के हैरी स्टोनसाइफर जैसे दिग्गजों को आचार संहिता उल्लंघन पर अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी थी। हालांकि, फिलहाल एनवीडिया बोर्ड ने जांच जारी रहने तक हुआंग के नेतृत्व पर भरोसा जताया है, लेकिन एएमडी (AMD) जैसी प्रतिस्पर्धी कंपनियों की कड़ी चुनौती के बीच इस विवाद ने वैश्विक एआई उद्योग और शेयर बाजार में गहरी हलचल मचा दी है।

