
नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) कोटा, राजस्थान की टीम ने नीमच-चित्तौडग़ढ़ हाईवे पर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4.135 किलो अवैध अफीम जब्त की। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
बिना नंबर की कार से बरामद अफीम
कोटा उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुन्देल के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए टीम ने पार्श्वनाथ वेयरहाउस के पास नाकेबंदी की। इसी दौरान महिंद्रा टीयूवी 300 कार को रोका गया, जिसमें डिग्गी के अंदर छिपाकर अफीम रखी गई थी।
खुफिया सूचना पर आधारित कार्रवाई
ब्यूरो को विशिष्ट खुफिया सूचना मिली थी कि नीमच से मारवाड़ की ओर अफीम की एक बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर राजस्थान से विशेष टीम नीमच भेजी गई और संदिग्ध मार्ग पर निगरानी रखी गई। जैसे ही बिना नंबर की कार हाईवे पर पहुंची, अधिकारियों ने उसे रोककर तलाशी ली।
गिरफ्तारी और आगे की जांच
मौके पर ही अफीम और वाहन जब्त कर लिए गए। दो तस्करों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (हृष्ठक्कस्) एक्ट 1985 की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
सीबीएन अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और मामले की आगे की जांच जारी है।
