सरे के लिए काउंटी क्रिकेट खेलेंगे लोमरोर

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता) भारतीय बल्लेबाज़ महिपाल लोमरोर ने काउंटी चैंपियनशिप 2026 सीज़न के बचे हुए हिस्से के लिए सरे के साथ छह मैचों का करार किया है।

26 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने 63 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं और उनका औसत 42.62 का है। वह गुरुवार को नॉटिंघमशायर के ख़िलाफ़ होने वाले घरेलू मैच से पहले सरे टीम से जुड़ेंगे।

सरे ने लोमरोर को टीम में इसलिए शामिल किया है क्योंकि आगामी चैंपियनशिप मैचों के लिए विल जैक्स और डैन लॉरेंस उपलब्ध नहीं हैं। जैक्स टखने की चोट के कारण बाहर हैं, जबकि लॉरेंस को 19 अगस्त से शुरू होने वाली पाकिस्तान के ख़िलाफ़ टेस्ट सीरीज़ के लिए इंग्लैंड की टेस्ट टीम में वापस बुलाया गया है।

लोमरोर ने एक बयान में कहा कि यह क़दम उनके लिए नए माहौल में ख़ुद को परखने का एक मौक़ा है। उन्होंने कहा, “सीज़न के बचे हुए हिस्से के लिए सरे से जुड़कर मैं ख़ुश हूं। काउंटी चैंपियनशिप में खेलना मेरे लिए नए माहौल में ख़ुद को चुनौती देने और अनुभवी खिलाड़ियों के समूह से सीखने का बड़ा मौक़ा है।”

लोमरोर का प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ स्कोर नवंबर 2024 में आया था, जब उन्होंने उत्तराखंड के ख़िलाफ़ राजस्थान के लिए नाबाद 300 रन बनाए थे। अपनी बाएं हाथ की स्पिन से उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 62 विकेट भी लिए हैं।

सरे फ़िलहाल अंक तालिका में सातवें स्थान पर है और आठ मैचों के बाद उनके 91 अंक हैं।

Next Post

वॉर्नर ड्रिंक एंड ड्राइव मामले में दोषी क़रार

Tue Aug 18 , 2026
सिडनी, 18 अगस्त (वार्ता) मंगलवार को ड्रिंक एंड ड्राइव मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद डेविड वॉर्नर के ऊपर 1500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (क़रीब एक लाख रुपये) का जुर्माना लगाया गया। ईस्टर रविवार को रैंडम ब्रीथ-टेस्टिंग साइट के पास पहुंचते समय उन्होंने एक यात्री के साथ सीट बदलने की […]

You May Like