पांच मौतों के बाद भी इंसाफ अधूरा, गौतम रिसॉर्ट मामले में एसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित परिजन

छतरपुर। खजुराहो स्थित गौतम रिसॉर्ट में जहरीला भोजन करने से पांच लोगों की मौत के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवारों में गहरा आक्रोश है। इसी को लेकर बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे मृतकों के परिजन छतरपुर एसपी कार्यालय पहुंचे और लिखित आवेदन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मृतक के पुत्र बब्लू कुशवाहा ने बताया कि उनके पिता की मौत रिसॉर्ट में खाना खाने के बाद हुई थी, लेकिन घटना के बाद आज तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है। परिजनों का कहना है कि प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई केवल औपचारिकताओं तक सीमित रही है। उनका आरोप है कि रिसॉर्ट को दिखावे के तौर पर बंद बताया जा रहा है, जबकि वास्तव में केवल उस कमरे को बंद किया गया है, जहां भोजन तैयार किया गया था, और बाकी पूरा रिसॉर्ट सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।

बब्लू कुशवाहा ने यह भी आरोप लगाया कि रिसॉर्ट संचालक विदेश में रह रहे हैं और उन्होंने पीड़ित परिवारों से किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं किया। न तो किसी प्रकार की आर्थिक सहायता दी गई और न ही दुख-दर्द में शामिल होने की पहल की गई।

पीड़ित परिवारों का कहना है कि पांच लोगों की जान जाने जैसी गंभीर घटना के बावजूद जिम्मेदारों को संरक्षण मिल रहा है, जिससे उनका न्याय व्यवस्था से विश्वास उठता जा रहा है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो और मृतकों के परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।

Next Post

गरीब, युवा, किसान और महिला सरकार की प्राथमिकता, 2026 किसान वर्ष व 2027 युवा वर्ष घोषित: सीएम डॉ. यादव

Wed Jan 7 , 2026
भोपाल। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की चार प्रमुख ताकतें गरीब, युवा, किसान और महिलाएं बताई हैं, और इन्हीं वर्गों के सशक्तिकरण पर सरकार की नीतियां […]

You May Like