
जबलपुर। सोमवार सुबह रामपुर छापर स्थित एकलव्य विद्यालय एवं छात्रावास में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब करीब 400 छात्र-छात्राएं विद्यालय की प्रिंसिपल अविनाश रानी के कथित दुर्व्यवहार के विरोध में पैदल ही कलेक्ट्रेट की ओर निकल पड़े। छात्रों का आरोप है कि प्रिंसिपल द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है और व्यवहार लंबे समय से अपमानजनक बना हुआ है। छात्र-छात्राओं ने यह भी बताया कि छात्रावास की व्यवस्थाएं बेहद खराब हैं। समय पर भोजन नहीं मिल रहा और जो भोजन दिया जाता है उसकी गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है। इन समस्याओं को लेकर वे पहले भी संबंधित अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। छात्रों का कहना है कि मजबूर होकर उन्हें कलेक्टर से सीधे मिलने का निर्णय लेना पड़ा, ताकि उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
एसडीएम ने रोककर किया समझाने का प्रयास
विद्यालय एवं छात्रावास परिसर से कलेक्ट्रेट की ओर जा रहे छात्र-छात्राओं की सूचना मिलते ही गोरखपुर एसडीएम अनुराग सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने रामपुर के पास छात्रों को रोककर उनसे बातचीत की और शांतिपूर्ण ढंग से समस्या सुलझाने का प्रयास किया। एसडीएम ने छात्रों को उनकी शिकायतों के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
बनेगी कमेटी, निष्पक्षता से होगी जांच
छात्र-छात्राओं द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन पर पहुंचे एसडीम अनुराग सिंह ने विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। जिसके बाद एसडीएम ने आश्वासन दिया कि इस मामले को गंभीरता पूर्वक लेते हुए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर एक कमेटी बनाई जाएगी, वह कमेटी निष्पक्षता से इस मामले की जांच करेगी, जिसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
