अटल भवन में थमी सांसें: सातवीं मंजिल पर जा रही लिफ्ट दूसरी पर अटकी

भोपाल। नगर निगम के नवीन मुख्यालय अटल भवन में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थापित लिफ्ट अचानक खराब हो गई और उसमें कई कर्मचारी फंस गए. लिफ्ट में फंसे कर्मचारियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद घटना की जानकारी सामने आई.

नगर निगम कर्मचारी विक्की गौर ने बताया कि दोपहर करीब 3:40 बजे वह सातवीं मंजिल स्थित कार्यालय जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए. उस समय लिफ्ट में मंत्रालय के तीन कर्मचारी और नगर निगम की एक महिला कर्मचारी भी मौजूद थीं. सातवीं मंजिल का बटन दबाने के बाद लिफ्ट दूसरी मंजिल पर पहुंचकर अचानक बंद हो गई. इसके बाद ऊपर-नीचे जाने के सभी बटन निष्क्रिय हो गए. आपातकालीन बटन भी काम नहीं कर रहा था और लिफ्ट में वायरलेस संचार सुविधा उपलब्ध नहीं थी. मोबाइल नेटवर्क भी नहीं मिलने से कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई.

विक्की गौर के अनुसार, काफी प्रयास के बाद उन्होंने किसी तरह एक सहकर्मी को वीडियो कॉल कर स्थिति की जानकारी दी. इसके बाद लिफ्ट दोबारा चालू हुई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल सके. उनका कहना है कि यदि और अधिक समय तक लिफ्ट बंद रहती तो किसी की तबीयत बिगड़ सकती थी.

कर्मचारियों ने सवाल उठाया है कि हाल ही में निर्मित अटल भवन में अभी फर्नीचर और अन्य कार्य भी जारी हैं, ऐसे में लिफ्ट का इस तरह खराब होना निर्माण और रखरखाव व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भवन में आपात स्थिति से निपटने के लिए कोई तकनीकी कर्मचारी या लिफ्ट मैकेनिक तत्काल उपलब्ध नहीं था.

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले मंगलवार को भी भवन के एक हॉल में छत का पंखा गिर गया था. हालांकि उस समय नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया. लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद भवन की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.

 

 

 

Next Post

​आज भी प्रभावित रहेगी कोलार की वाटर सप्लाई, कल सुबह से मिलेगी राहत

Thu Jun 4 , 2026
भोपाल। राजधानी में कोलार जलापूर्ति व्यवस्था गुरुवार को भी पूरी तरह सामान्य होने की संभावना नहीं है. पाइपलाइन मेंटेनेंस का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन संरचना को मजबूती देने के लिए थ्रस्ट ब्लॉक का पुनर्निर्माण किया जा रहा है. बुधवार शाम तक थ्रस्ट ब्लॉक निर्माण का 50 प्रतिशत से […]

You May Like