चेन्नई, 17 जनवरी (वार्ता) तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हाल ही में बनी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) के अध्यक्ष और अभिनेता से राजनीतिज्ञ बने विजय ने राज्य के सभी 234 निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी के चुनाव प्रचार कार्यों के समन्वय के लिए 10 सदस्यीय समिति का गठन किया है।
वरिष्ठ पार्टी नेताओं से गठित इस 10 सदस्यीय समिति को जिला और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर समन्वय करने की जिम्मेदारी मिली है। इसके साथ ही समिति को चुनाव प्रचार की रणनीति तैयार करनी है, ताकि पार्टी के मुद्दे तय किये जा सके और सत्तारूढ़ द्रमुक को सत्ता से बाहर करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा जा सके। श्री विजय ने कहा कि द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) उनकी राजनीतिक विरोधी है और चुनाव उनकी पार्टी और द्रमुक के बीच सीधी प्रतिस्पर्धा है।
प्रचार समिति में टीवीके के महासचिव एन बुस्सी आनंद, चुनाव प्रचार प्रबंधन के अतिरिक्त महासचिव आधव अर्जुन और अन्नाद्रमुक के पूर्व मंत्री के ए सेनगोट्टायन शामिल हैं।
श्री सेनगोट्टायन को एकता का झंडा बुलंद करने और निष्कासित नेताओं की वापसी की मांग करने के कारण अन्नाद्रमुक से निकाल दिया गया था। इसके बाद वह टीवीके में शामिल हो गये थे। उन्हें टीवीके ने उच्च-स्तरीय प्रशासनिक समिति का मुख्य समन्वयक बनाया है। इनके अलावा समिति में अन्य सदस्य भी शामिल हैं। यहां जारी बयान में श्री विजय ने कहा है कि यह समिति सभी निर्वाचन क्षेत्रों में उनकी चुनावी रैलियों और अभियान के विवरणों के साथ-साथ चुनाव से जुड़ी अन्य गतिविधियों का समन्वय करेगी।
चुनाव अभियान समिति का गठन ऐसे समय में हुआ है, जब श्री विजय ने 10 सदस्यीय घोषणा पत्र मसौदा समिति बनायी है। यह समित सभी विधानसभा क्षेत्रों का सघन दौरा कर लोगों की राय और सुझाव लेगी और घोषणा पत्र में शामिल किये जाने वाले मुद्दों की सिफारिश करेगी। चुनाव अभियान समिति विधानसभा चुनावों की तैयारी का काम भी देखेगी। सभी टीवीके सदस्यों से समिति को पूरा सहयोग देने का आग्रह किया गया है।
