
नीमच।प्रदेश की सबसे बड़ी कृषि उपज मंडियों में शुमार नीमच मंडी के चुनाव में अब सियासी दखल भी खुलकर सामने आ गया है। करीब 20 साल बाद हो रहे मंडी चुनाव में उस वक्त माहौल और गरमा गया, जब क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार खुद मंडी परिसर में उतर आए और अध्यक्ष पद के प्रत्याशी और भाजपा नेता राकेश भारद्वाज के पक्ष में व्यापारियों से सीधे जनसंपर्क कर वोट मांगे।
विधायक परिहार ने मंडी में व्यापारियों से मुलाकात कर अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। उनका यह कदम साफ संकेत देता है कि इस बार का मंडी चुनाव सिर्फ व्यापारिक नहीं, बल्कि पूरी तरह हाई-वोल्टेज चुनावी दंगल बन चुका है।
अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला राकेश भारद्वाज और गोपाल गर्ग उर्फ जीजी के बीच है। एक ओर जहां भारद्वाज को विधायक का खुला समर्थन मिल रहा है, वहीं जीजी का खेमा भी पूरी ताकत के साथ मैदान में डटा हुआ है। भारद्वाज को विधायक का तो गोपाल जीजी को समाजसेवी अशोक अरोरा का समर्थन हासिल है। मंडी में हर गली, हर दुकान पर सिर्फ इसी चुनाव की चर्चा है।जनसंपर्क के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष आदित्य मालू, अर्जुन सिंह सिसोदिया, नीलेश पाटीदार, जिला मंत्री सत्यनारायण गोयल, जिला कार्यालय मंत्री विनोद नागदा, मंडल अध्यक्ष दारा सिंह यादव, महामंत्री अनिल माली सहित भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि 04 जनवरी को होने वाले मतदान में 1001 पंजीकृत व्यापारी वोट डालेंगे। विधायक के सीधे मैदान में उतरने के बाद चुनावी माहौल और तीखा हो गया है। नीमच मंडी में अब साफ संदेश है, मुकाबला कांटे का है।
