
जबलपुर। सिहोरा आजाद चौक मेें लाउंड स्पीकर के शोर को लेकर गुरूवार देर रात्रि दो समुदाय के बीच हुई हिंसा के बाद माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ है। आवागमन सामान्य हो गया है। इसके साथ ही पुलिस मामले में अब तक 61 उपद्रवियों की गिरफ्तारी कर चुकी है। पहली एफआईआर में 49 की गिरफ्तारी हुई जबकि दूसरी कायमी में शनिवार को 12 और उपद्रवी दबोच गए। 60 को न्यायालय पेश कर जेल भेज दिया गया है जबकि एक को पुलिस रिमांड पर लिया गया है जिससे पूछताछ जारी है।
विदित हो कि आजाद चौक में दो अलग-अलग समुदाय के धार्मिक स्थल है। मस्जिद और दुर्गा मंदिर आमने-सामने है। गुरुवार की रात को लगभग 9:30 बजे मंदिर में आरती और मस्जिद में रमजान की नमाज हो रही थी। इस दौरान एक पक्ष ने लाउंड स्पीकर के शोर का विरोध शुरू कर दिया था । इसके बाद दोनों पक्ष भिड़ गए । पथराव के साथ तोडफ़ोड़ हुई। इसके बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया था। भीड़ को नियंत्रित करने पुलिस को लाठीचार्ज करने के साथ आश्रु गैस के गोले तक दागने पड़ गए थे। तनाव के चलते 200 का फोर्स तैनात किया गया था ।
दुकानें खुली, परीक्षाएं हुई
दो दिन पहले जहां कफ्यू जैसे हालात थे वहां अब शांति है। अधिकारियों का कहना है कि सिहोरा में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है । हालात सामान्य होने के साथ आवागमन शुरू हो गया। बाजार गुलजार हो गया । दुकानें खुलने के साथ रोजमर्रा का जीवन पटरी पर लौटा। इसके साथ ही 5 वीं, 8 वीं की परीक्षाएं भी हुई। एहतियात पुलिस फोर्स तैनात रहा।
